देवास (नईदुनिया प्रतिनिधि)। चाणक्यपुरी एक्सटेंशन में भागवत कथा का आयोजन खाटू श्याम महिला मंडल द्वारा किया जा रहा है। भागवत कथा में भागवताचार्य पंडित मुकेश पाठक ने गोवर्धन पूजा प्रसंग पर मनमोहक व्याख्या की। आयोजन में भगवान कृष्ण का रूप धारण करा कर एक बालक को लाया गया। व्यासपीठ के समीप गोबर से बनाए गए भगवान गोवर्धन का पूजन कथा में मौजूद श्रद्धालुओं ने किया। भगवान कृष्ण पर पुष्प वर्षा भी की गई।
आचार्य पंडित मुकेश पाठक ने कृष्ण की अनेक बाल लीलाओं का वर्णन करने के पश्चात गोवर्धन पूजा के महत्व को समझाया। इस अवसर पर छप्पन भोग की झांकी भी सजाई गई। उन्होंने कहा कि जहां सत्य व भक्ति का समन्वय होता है, वहां भगवान का आगमन अवश्य होता है। गाय की सेवा व महत्व को समझाते हुए बताया कि प्रत्येक हिन्दू परिवार में गाय की सेवा अवश्य होनी चाहिए। गोवर्धन भगवान की पूजा सभी भक्तों को आचार्य द्वारा विधि विधान से कराई गई।
बालक कृष्ण ने मां यशोदा और नंदबाबा से पूजा के बारे में पूछा तो उन्होंने इंद्र की पूजा की बात बताई। इस पर भगवान कृष्ण ने कहा कि आप लोग सबकुछ देने वाले गोवर्धन की पूजा क्यों नहीं करते इंद्र तुम्हें क्या देते हैं। मां यशोदा के इंद्र के नाराज होने की बात कहने पर उन्होंने इंद्र के बजाए गोवर्धन पूजा की जिद पकड़ ली। अंत में सभी को कृष्ण की बात माननी पड़ी।
आपको बता दें प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री खाटू श्याम महिला मंडल द्वारा चाणक्य पुरी स्टेशन कॉलोनी में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। भागवत आचार्य पंडित मुकेश पाठक के मुखारविंद से भागवत जी की ज्ञान गंगा प्रवाहित हो रही है। खाटू श्याम महिला मंडल की ज्योति मिश्रा, मंजू धाकरे, पुष्पा वर्मा, हेमलता वर्मा, देवबाई सोलंकी ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है श्रीमद भागवत कथा रोजाना दोपहर एक से चार बजे तक होगी।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे