बदनावर (नईदुनिया न्यूज)। ग्राम कोद में गुरुवार को एक मां ने अपने ही घर पर पानी में घोलकर खुद जहरीला पदार्थ पी लिया। इसके बाद तीन मासूम बच्चों को खीर में डालकर उन्हें भी पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर दादी अपने दो पोतों, एक पोती और बहू को एबुलेंस से उपचार के लिए यहां सिविल हास्पिटल लाई। चारों को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। इसमें से दो बच्चों की हालत में सुधार नहीं होने पर रतलाम रेफर किया गया। जहरीला पदार्थ पीने का कारण पति से मोबाइल पर हुए विवाद को बताया जा रहा है।
40 वर्षीय महिला का नाम ममताबाई संतोष सिंदल निवासी नई आबादी कोद बताया गया है जबकि बच्चों के नाम आठ वर्षीय सेतु, सात वर्षीय परी व तीन वर्षीय कुणाल बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला का पति अन्य शहर में नौकरी करता है। पति से फोन पर विवाद होने के बाद उसने यह कदम उठाया। महिला के चार बच्चे हैं, लेकिन एक बेटी वैदिका दवा पीने से बच गई। बच्चों की दादी प्रेमबाई ने बताया कि उसका लड़का संतोष बाहर नौकरी कर रहा है तथा बच्चे व बहू पास में ही अलग मकान में रहते हैं। बच्चों को उल्टियां होने लगी तथा रोने लगे तो उपचार के लिए एंबुलेंस से सिविल हास्पिटल बदनावर लाया गया। प्राथमिक उपचार मिलने से मां और सेतु की तबीयत में सुधार है जबकि परी व कुणाल को रतलाम जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई है। इधर, सिविल हास्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. एम. उपासनी ने बताया कि महिला और एक बड़ी बच्ची की हालत में सुधार है जबकि दो छोटे बच्चों की स्थिति ठीक नहीं होने से रतलाम भेजा गया है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close