Dindori School Sexual Abuse Case: डिंडौरी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मिशनरी स्कूल जुनवानी में नाबालिग आदिवासी छात्राओं के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आने के बाद जांच में लापरवाही हो रही है।
बाल संरक्षण आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो के निर्देश के आठ दिन बाद भी पुलिस मिशनरी सोसाइटी के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पर मामला दर्ज नहीं कर सकी है।
यौन शोषण का मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित पादरी सनी फादर और वार्डन सविता एक्का का पुलिस 10 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगा सकी है। दोनों ही आरोपितों पर संरक्षण होने के आरोप लग रहे हैं।
शिष्यवृत्ति लेने के साथ विद्यार्थियों से फीस भी वसूली
जेडीईएस मिशनरी स्कूल जुनवानी में चार-अलग अलग छात्रावास और आश्रम संचालित हैं। यहां प्रति छात्र से 1460 और छात्राओं से 1500 सौ रुपये प्रतिमाह शिष्यवृत्ति के तौर पर शासन से लिए जा रहे थे। छात्र-छात्राओं से मेस संचालन के नाम पर फीस भी वसूली जा रही थी।
डायोकेशनल सोसाइटी जबलपुर के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के विरुद्ध अलग-अलग चार मामले दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे, जो अब तक ठंडे बस्ते में हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्कूल और छात्रावास की मान्यता निरस्त करने के लिए प्रक्रिया शुरू करते हुए जांच के निर्देश भी दिए थे। यह जांच भी अभी अधर में है।
मंडला : मिशन स्कूल का फादर फरार, महिला प्राचार्य भी लापता
मंडला (नप्र)। जिले के मवई थाना क्षेत्र अंतर्गत घोरेघाट ग्राम पंचायत के सेंट जोसेफ स्कूल का फादर जीबी सेबेस्टियन नौ मार्च से फरार है। उससे संबंधित सारे दस्तावेज गायब चुके हैं। अब महिला प्राचार्य जिया एपी भी बिना किसी सूचना के गायब है। चार मार्च को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य और जिले की टीम ने छात्रावास के निरीक्षण में पाया था कि बच्चों को बाइबल पढ़ाई जाती है और चर्च ले जाया जाता है। यहां बच्चों से श्रम भी कराया जाता था। छात्रावास अधीक्षक कुंवर सिंह और फादर जीबी सेबेस्टियन पर विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है। छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार हो चुका है।
इनका कहना है
बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष के निर्देश के बाद अन्य मामले दर्ज हुए हैं। सोसाइटी अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पर मामला दर्ज न होने की मैं जानकारी लेता हूं। इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। दो फरार आरोपितों में एक के केरल और एक के छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में होने की सूचना मिल रही है। शीघ्र ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संजीव कुमार सिन्हा, एसपी डिंडौरी।
मिशनरी सोसाइटी के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पर मामला दर्ज न होना कई सवाल खड़े कर रहा है। इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। संगठन स्तर से यह बात प्रदेश शासन तक पहुंचाई जा रही है।
-अवधराज बिलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष, डिंडौरी।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay