Dindori News : डिंडौरी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के बिछिया चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारंगपुर में खेत में बनी झोपड़ी में आग लगने से तीन वर्ष की मासूम की जहां मौत हो गई, वहीं बच्चे का दादा बुरी तरह झुलस गया। दादा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहंदवानी में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार की शाम की बताई जा रही है।
चौकी प्रभारी शिशांक श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार की शाम राजेंद्र पिता अमर सिंह बरकड़े अपने दादा बुद्धू लाल बरकड़े 59 वर्ष के साथ खेत मे झोपड़ी में खेल रहा था। बच्चे को झोपड़ी में छोड़कर दादा खेत की तरफ गए थे। उसी दौरान बच्चे की चिल्लाने की आवाज आने पर दादा ने देखा तो झोपड़ी जल रही थी। झोपड़ी में आग लगने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे को बचाने में दादा भी बुरी तरह से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। दादा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहंदवानी में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज जारी है। शनिवार को बच्चे के शव का पीएम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि बच्चे के पिता अमर सिंह बीमार हैं और घटना के समय घर पर सो रहे थे। बच्चे की मां मजदूरी करने गई थी। आज लगने के कारणों के बारे में पता नहीं लग पाया है।
Posted By: Dheeraj Bajpaih
- Font Size
- Close