गुना, नवदुनिया प्रतिनिधि। शहर कोतवाली थानाक्षेत्र के हड्डीमिल क्षेत्र में शनिवार रात बारात निकलने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दोनों पक्ष के दो लोगों को गंभीर चोट पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि विवाद महिला से छेड़खानी को लेकर हुआ था। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआइआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को हड्डी मिल क्षेत्र में एक मुस्लिम परिवार में शिवपुरी से बारात आई थी। रात को जब डीजे के बीच बारात निकल रही थी, तभी पानी की टंकी के पास पारदी समाज के लोगों के साथ बरातियों का विवाद होने लगा, जो किसी महिला से छेड़खानी को लेकर शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान बाराती शानू खान पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं इस मारपीट में पारदी समाज के नौ साल के बच्चे को भी चोट पहुंची है।
पार्षद ने की हड्डी मिल पर पुलिस चौकी खोलने की मांग
इधर, वार्ड-21 के पार्षद रामवीर जाटव ने बताया कि पारदी समाज के कुछ इनामी बदमाश हैं, जिनकी वजह से हड्डी मिल क्षेत्र का अमन और शांति भंग हो रही है। इस संबंध में पुलिस को भी शिकायत की गई है। बीती रात भी पारदी समाज के उन्हीं बदमाशों द्वारा बारात में शामिल महिला से छेड़खानी की गई, जिसका विरोध करने पर हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इसमें बराती शानू खान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी गर्दन पर दस टांके आए हैं। हड्डी मिल क्षेत्र में पुलिस चौकी खोलने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना रहे।
हड्डी मिल क्षेत्र में शनिवार को बारात निकलने के दौरान बरातियों और पारदी समाज के कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया। इसमें एक बाराती और पारदी समाज का बच्चा घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दोनों पक्षों की ओर से अज्ञात में क्रास मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
- मदनमोहन मालवीय, नगर निरीक्षक, शहर कोतवाली गुना
Posted By: Ravindra Soni
- Font Size
- Close