गुना (नवदुनिया प्रतिनिधि)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य शनिवार को गुना दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह के स्वागत में लगा एक पोस्टर नगर में चर्चा का विषय रहा। दरअसल, एक कांग्रेस नेत्री ने खुद को गुना विधानसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया। इतना ही नहीं, शहर में बैनर-पोस्टर लगवा भी दिए। इधर, जैसे ही पार्टी के वरिष्ठजनों को इसकी भनक लगी, तो तत्काल नाराजगी जताई गई। इसके बाद कांग्रेस नेत्री ने इसे मानवीय भूल बताकर पोस्टरों पर प्रत्‍याशी शब्‍द को सफेदा से पुतवा दिया।

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को गुना और बमोरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे। इधर, कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में अपने नेता के स्वागत की होड़ बैनर-पोस्टरों में दिखाई दी। लेकिन कांग्रेस की अनुसूचित जाति मोर्चा की महिला जिलाध्यक्ष बिंदु सिंह का पोस्टर चर्चा का विषय बन गया। क्योंकि, इसमें उन्होंने स्वयं को गुना विधानसभा-29 का उम्मीदवार बता दिया। जबकि अभी चुनावों की घोषणा ही नहीं हुई,। इतना ही नहीं, शहर में करीब एक सैकड़ा से अधिक छोटे-बड़े पोस्टर लग भी गए।

कांग्रेस पार्टी के सूत्र बताते हैं कि जैसे ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को नेत्री की इस हरकत की जानकारी लगी, तो उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद कांग्रेस नेत्री ने पोस्टरों में जहां खुद को प्रत्याशी बताया था, उस स्थान को सफेदा से पुतवा दिया गया। इस संबंध में जब कांग्रेस की महिला नेत्री बिंदु सिंह ने सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि मैं भोपाल में थी। शुक्रवार रात को पहुंची और सौ से अधिक स्थानों पर पोस्टर लगवाए। यह मानवीय भूल है, जो प्रिंटर पर बैनर तैयार होते समय हुई। मुझे जैसे ही इसका पता लगा, तो तत्काल व्हाइटनर से उम्मीदवार वाली जगह को पुतवा दिया गया। इसके साथ ही उक्त गलती के लिए पार्टी से क्षमा भी मांगी है।

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close