गुना (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक निजी गार्डन के बंद कमरे में मंडल सेक्टर और बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज कर परेशान किया जा रहा है। उसकी सूची शहर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनाकर मुझे दें। साथ ही कौन पटवारी या कलेक्टर भाजपा की गुलामी कर रहे हैं, उनकी सूची भी तैयार करें। हमारी सरकार बनेगी, तब हम देंखेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को गुना और बमोरी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गुना में पार्टी के कार्यकर्ताओं से सर्किट हाउस में मुलाकात की। उसके बाद निजी गार्डन में पोलिंग बूथ और मंडलम सेक्टर के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने बैठक के दौरान सभी के मोबाइल फोन बंद करवा दिए थे। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा कि वह बांसखेड़ी में पिछले कई सालों से मेहनत कर रहा है, पर उसको पार्षद का टिकट नहीं दिया। साथ ही उसके ऊपर भाजपा नेताओं ने झूठे केस दर्ज करा दिए।
मुझ पर एक दर्जन मामले दर्ज
बैठक में दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके ऊपर भी 12 मामले दर्ज हैं। झूठे मामलों से डरना नहीं चाहिए, जिन पर भी पुलिस थानों में मामले दर्ज हैं, उनका निराकरण कराया जाएगा। इधर, शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय ने बताया कि जिले में पांच कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज किए गए हैं।
जितनी बड़ी माला पहनाता है, वह उतना बड़ा फर्जी आदमी
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि जो जितनी बड़ी माला पहनाता है, जितना बड़ा स्वागत करता है। वह उतना ही बड़ा फर्जी आदमी होता है। पोस्टर और बैनर पर मेरी शक्ल मत लगाना। मैं हर रोज अपनी शक्ल शीशा में देखता हूं। आप लोग जिंदाबाद-जिंदाबाद के नारे लगाते हो। कांग्रेस क्यों मर रही है, इस पर कुछ बोलो। मंहगाई और बेरोजगारी पर भी कुछ बोलो। बैठक में पार्टी के नेताओं ने मांग की कि फूलछाप कांग्रेसियों को बाहर किया जाए। कांग्रेस के कई नेता सिंधिया के संपर्क में रहते हैं। उन्हें भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close