Explosion in Bhitarwar:ग्‍वालियर.भितरवार (नप्र)। चीनौर क्षेत्र के ग्राम छीमक में बारूद बनाते समय एक मकान में विस्फोट हो गया, जिससे पति-पत्नी घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है।ग्राम छीमक निवासी महमूद खान के घर में आतिशबाजी बनाने का काम होता है। गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे मकान में विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही पड़ोस के लोग दौड़े तो देखा कि महमूद और उसकी पत्नी गुड्डी लहूलुहान पड़े हैं। डबरा विधायक सुरेश राजे भी मौके पर पहुंचे। सूचना लगने पर चीनौर थाना प्रभारी राजीव बिरथरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। थाना प्रभारी ने बताया कि गुड्डी बाई की इलाज के दौरान मौत हो गयी है, उनके पति महमूद का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

घनी बस्ती के बीच चल रहा था बारूद का कारोबार

घनी बस्ती के बीच में आतिशबाजी बनाने का काम हो रहा था और पुलिस पूरी तरह से लापरवाह बनी हुई थी। हादसा दिन के समय हुआ और अधिक विस्फोटक नहीं था, वर्ना आसपास के मकानों में भी जनहानि हो सकती थी।

मिलावटी दही बेचने वाले को एक साल की सजा एक हजार का जुर्माना

विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मिलावटी दही बेचने वाले खंडेलवाल डेयरी के संचालक लव खंडेलवाल को एक साल की सजा सुनाई है। साथ ही एक हजार रुपये का जुर्माना लयाया है। आरोपित पर खाद्य विभाग ने केस दायर किया था। 23 अक्टूबर 2010 को खाद्य विभाग की टीम सिटी सेंटर स्थित खंडेलवाल डेयरी पहुंची। इस डेयरी पर दूध, दही, पनीर सहित अन्य सामाग्री विक्रय के लिए रखी हुई थी। टीम को दही पर मिलावट होने की आशंका हुई। दही के नमूने लिए। दही को जांच के लिए लैब में भेजा गया। यह मिलावटी पाया गया। खाद्य विभाग ने पूरे मामले को लेकर जिला न्यायालय में परिवाद दायर किया। वर्ष 2011 से यह परिवाद लंबित था। विचारण खत्म करने के बाद कोर्ट ने आरोपित का पक्ष सुना। खंडेलवाल की ओर से तर्क दिया कि वह लंबे समय से विचारण का सामना कर रहा है। पहला अपराध है। अभियोजन ने कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। मिलावट का धंधा तेजी से बढ़ रहा है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपित को एक साल की सजा सुनाई है और एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

Posted By:

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close