Gwalior Accident News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मेला ग्राउंड के पीछे दो दिन पहले लोडिंग वाहन पलटने से घायल हुए 16 वर्षीय आदित्य बघेल की रविवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक युवक घायल हुए थे, जो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। किशोर की मौत से आक्रोशित लोगों ने थाटीपुर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। स्वजनों का आरोप है कि भाजपा नेता आशु गुर्जर रैली में भीड़ जुटाने के लिए पैसे देकर किशोर व उसके साथियों को ले गया था। लोडिंग वाहन की व्यवस्था भी उसी ने की थी। स्वजन आशु गुर्जर सहित दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने व आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे।
बजरिया थाटीपुर निवासी आदित्य पुत्र अविनाश बघेल एक दर्जन से अधिक क्षेत्र के युवकों के साथ लोडिंग वाहन में बैठकर शुक्रवार को रैली में शामिल होने जा रहा था। मेला ग्राउंड के पीछे लोडिंग वाहन पलट गया। हादसे में एक दर्जन से अधिक किशोर व युवक घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। रविवार की सुबह आदित्य बघेल की अस्पताल में मौत हो गई। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
आशु सहित दो लोगों पर दर्ज हो प्रकरणः क्षेत्र के आक्रोशित लोगों ने स्वजन के साथ किशोर के शव को थाटीपुर चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। थाटीपुर तिराहे का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। स्वजनों का आरोप है कि आदित्य के अलावा क्षेत्र के अन्य युवकों को लोडिंग वाहन में बैठाकर आशु गुर्जर व एक अन्य युवक रैली में ले गया था। आशु व उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए।
पैसे का लालच देकर बच्चों को ले जाते हैंः बजरिया में रहने वाले विजय वाल्मीकि ने बताया कि उनके भाई को भी आशु गुर्जर रैली में ले गया था। हादसे में वह भी घायल हो गया। आशु गुर्जर 21 जनवरी को बजरिया में आया था। उसने क्षेत्र के किशोर व युवकों को जमा कर कहा कि रैली में शामिल होने चलना है। नेता यहां आते हैं और बच्चों को रैली में शामिल होने के लिए पैसों का लालच देकर ले जाते हैं। इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए। मृतक व घायल बच्चों के स्वजन को आर्थिक सहायता दी जाए। जाम के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने आशु गुर्जर व उसके साथियों के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज करने का भरोसा दिलाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Posted By: vikash.pandey
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
- #Gwalior Accident News
- #Gwalior Crime News
- #Gwalior Political News
- #Gwalior Highlights
- #Gwalior Breaking News
- #Gwalior News
- #Gwalior