Gwalior Crime News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। उटीला इलाके में रहने वाली एक महिला मजदूर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला और उसके पति ने गांव के ही एक किसान का खेत बटाई पर लिया था। महिला खेत पर ही सो रही थी, इसी दौरान पड़ोसी आया और महिला के साथ दुष्कर्म कर डाला। महिला का पति भी कुछ देर बाद आया तो आरोपित ने उसे धमकाया। इस घटना के बाद से महिला का पति भी गायब है। पीड़िता ने छह दिन बाद एफआइआर दर्ज करवाई है। आरोपित की तलाश में पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन वह घर से गायब मिला है।
उटीला थाना प्रभारी अवधेश सिंह कुशवाह ने बताया कि उटीला स्थित भोगीपुरा गांव में रहने वाली महिला मजदूरी करती है। कुछ समय पहले उसने गांव के ही एक किसान का खेत बटाई पर लिया था। वह और उसका पति मजदूरी करते थे। खेत पर ही इन्होंने झोंपड़ी बना ली थी। 23 जनवरी की रात महिला झोंपड़ी में अकेली सो रही थी, जबकि उसका पति घर से बाहर गया था। इसी दौरान गांव में रहने वाला सुरेश गुर्जर आ गया। उसने महिला के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। महिला ने विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला से ज्यादती कर उसे धमकाया। कुछ देर बाद महिला का पति आ गया, जब महिला ने पति को पूरी घटना बताई तो आरोपित ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दे डाली। महिला का पति घर से भाग गया, वह अभी तक लापता है। इसके बाद महिला चुप रही, आरोपित उसे रोज धमका रहा था। बीते रोज महिला ने अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद यह लोग उसे लेकर उटीला थाने पहुंचे। उटीला थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपित की तलाश में एक टीम उसके घर भेजी, यहां से वह गायब मिला है।
Posted By: anil tomar
- Font Size
- Close