Gwalior Crime News: ग्वालियर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। डकैत गुड्डा गुर्जर की महिला मित्र पर घर में घुसकर दो बदमाशों ने गोली चला दी। महिला का आरोप है, जिस पर उसने दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज करवाई थी, उसी ने हमला कराया है। उसी का नाम आरोपित ले रहे थे और धमका रहे थे अगर बयान दिए तो जान से मार देंगे। वारदात महाराजपुरा इलाके की है। महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। शुक्रवार सुबह फोरेंसिक एक्सपर्ट डा. अखिलेश भार्गव ने पड़ताल की तो गेहूं की बोरी में राउंड मिला है।

पुलिस को कहानी में कुछ पेच भी नजर आ रहा है। महिला जिस मकान में रहती है, वह नागपुर में रहने वाले किसी युवक का है। इसी मकान के सौदे को लेकर विवाद के बाद उसने दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज करवाई थी। सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया चावला मार्केट के पास बैजनाथ सुनहरे का मकान है। वह नागपुर में रहते हैं। उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। मकान पर महिला ने कब्जा कर लिया है, जो डकैत गुड्डा गुर्जर की महिला मित्र रही है। बीती रात उसके घर में दो बदमाश घुस आए। बदमाशों ने दुष्कर्म के मामले में राजीनामा करने के लिए धमकाया। इसके बाद गोली चला दी। गोली महिला के पैर में लगी है। इस मामले में हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज कर ली है। सीएसपी भदौरिया ने बताया रात में गोली नहीं मिली थी। सुबह फोरेंसिक एक्सपर्ट डा. अखिलेश भार्गव पहुंचे, उन्होंने पड़ताल की। गेहूं की बोरी में गोली मिल गई है। महिला ने निहाल सिंह गुर्जर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। निहाल को ही वह मकान बेचने वाली थी, लेकिन बाद में दुष्कर्म की एफआइआर करवा दी। इसी तरह उसने अपना बच्चा खुद गायब कर दिया था और हैवियस कार्पस लगा दी थी। बच्चा मोहना से बरामद हुआ था।

Posted By: anil tomar

Mp
Mp