Gwalior Crime News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। एक महिला को रात 2.30 बजे उसके पति ने ही गोली मार दी। महिला पति की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी बहन के यहां फालका बाजार स्थित फ्लैट में रह रही थी। आरोपित रात 2.30 बजे फ्लैट पर पहुंचा, यहां पहले तो उसने दरवाजा खटखटाया और दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाया। जब महिला ने इंकार किया तो वह किचन की खिड़की तक आ गया। यहां उसने कट्टे से फायर कर दिया। गोली महिला के हाथ में लगी है। यह घटना फालका बाजार इलाके की है। इंदरगंज पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
महलगांव स्थित सरकारी मल्टी में रहने वाली 23 वर्षीय रश्मि खटीक की शादी राहुल खटीक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति उसे प्रताड़ित करने लगा। वह उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। पत्नी परेशान होकर कुछ समय पहले अपनी बहन के यहां फालका बाजार में स्थित रामा अपार्टमेंट में फ्लैट में रहने लगी। उसकी बहन भी उसके साथ रहती थी। रश्मि का पति राहुल बेलदारी करता है। रात करीब 2.30 बजे राहुल प्लैट पर गया और उसने दरवाजा खटखटाया, फिर रश्मि के मोबाइल पर काल किया। रश्मि से दरवाजा खोलने के लिए बोला, लेकिन उसने सुबह आने की बात कही तो वह धमकाने लगा। रश्मि उस समय किचन में थी। तभी उसका पति फ्लैट के पीछे से किचन की खिड़की पर आ गया। यहां उसने कट्टे से फायर कर दिया। गोली रश्मि के हाथ में लगी और फिर गेट में जा धंसी। गोली लगते ही रश्मि चीखी तो आरोपित भाग गया। रश्मि की बहन और आसपास रहने वाले लोग आ गए। लोगों ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद इंदरगंज थाने की फोर्स यहां पहुंची। उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। आरोपित पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
एक युवक ने अपनी ही पत्नी पर गोली चलाई है। गोली लगने से वह घायल हो गई। इस मामले में एफआइआर दर्ज कर ली है, जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।
विजय सिंह भदौरिया, सीएपी इंदरगंज
Posted By: anil tomar
- Font Size
- Close