Gwalior Fraud News: ग्वालियर (नप्र)। एक महिला के साथ 3.55 लाख रुपये की ठगी हो गई। ठगी करने वाले ने महिला को फोन कर बोला- मैं तुम्हारा जीजा बोल रहा हूं। महिला उसके झांसे में आ गई, फिर बोला- उसके खाते में कुछ गड़बड़ी है, इसलिए 25 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करना है। यह झांसा देकर उसने फोन पे की लिंक भेजी। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद खाते से 3.55 लाख रुपये निकाल लिए।
क्राइम ब्रांच थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। एएसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कंपू निवासी नीरू पत्नी विवेक कुशवाह के पास अगस्त 2022 में अंजान नंबर से काल आया। काल करने वाले ने खुद को उसका जीजा बताया। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बोला- उसके खाते में कुछ गड़बड़ी है, इसलिए वह पेमेंट नहीं मंगवा पा रहा है। उसने लिंक भेजी और इसे नीरू ने जैसे ही क्लिक किया तो उसके खाते से रुपये निकलने लगे। उनके खाते से अलग-अलग बार में 3.55 लाख रुपये निकल गए।
हत्या के मामले में दोषी को आजीवन कारावास
जमीन विवाद में युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के दोषी गंधर्व को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस मामले में कुल चार लोगों को आरोपित बनाया गया था, लेकिन तीन को बरी कर दिया। अपर लोक अभियोजक जगदीश शाक्यवार ने बताया कि 14 अगस्त 2016 को कल्ली उर्फ रामवीर गुर्जर जंगल में भैंस चराने गया था। यहां कल्ली का भाई रणवीर सिंह उसे खाना देने पहुंचा। रणवीर सिंह ने देखा कि जितेंद्र और वीरेंद्र, कल्ली का हाथ पकड़े थे, तभी काशीराम ने लाठी से कल्ली पर हमला किया, वहीं गंधर्व ने कुल्हाड़ी से कल्ली की गर्दन पर हमला किया। इसके बाद कल्ली के शरीर से खून बहने लगा और वह गिर गया। इसकी रिपोर्ट पुलिस थाना हस्तिनापुर में रणवीर सिंह ने दर्ज कराई थी।
Posted By: anil tomar
- Font Size
- Close