Gwalior Lokmantrana News: ग्वालियर.नईदुनिया प्रतिनिधि। आमजनों की समस्याओं से रूबरू होकर उनका निराकरण समय सीमा में करने के उद्देश्य से आज दोपहर 12 से दो बजे तक निगम मुख्यालय पर महापौर लोकमंत्रणा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत महापौर डा. शोभा सतीश सिंह सिकरवार द्वारा निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकर आमजनों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर निराकरण कराया जाएगा। जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव नहीं होगा, उसके लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत आमजन महापौर को शहर विकास के लिए अपने आवश्यक सुझाव भी दे सकेंगे।
सिटी सेंटर स्थित नगर निगम मुख्यालय के प्रशासनिक सभागार में महापौर लोक मंत्रणा कार्यक्रम के तहत आमजनों द्वारा जो समस्याएं बताई जाएंगी, उनको पंजीबद्ध कर उनका निराकरण कराया जाएगा। इसके अलावा जिन समस्याओं का निराकरण एक निश्चित समय सीमा में किया जाना है, उनके लिए निराकरण के पश्चात संबंधित आवेदक को निराकरण के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी। महापौर डा. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने बताया कि शहर के निवासियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों एवं भ्रमण के दौरान अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जाता है, जिनका निराकरण कार्यक्रमों एवं भ्रमण के दौरान करना संभव नहीं हो पाता है। इसी उद्देश्य से महापौर लोक मंत्रणा कार्यक्रम माह के दो गुरुवार को प्रारंभ किया जा रहा है। इससे जहां लोगों की समस्याओं का निराकरण होगा, वहीं आमजनों की अपनी समस्याओं को बताने के लिए एक मंच भी उपलब्ध होगा। निगम के अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जो भी समस्याएं आएंगी, उनको न केवल पंजीबद्ध किया जाएगा, बल्कि उनका निराकरण एक समय सीमा के अंदर सुनिश्चित भी किया जाएगा तथा की गई कार्यवाही से आवेदक को सूचित करने की कार्यवाही भी की जाएगी।
Posted By: anil tomar
- Font Size
- Close