Gwalior Municipal budget 2023: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए महापौर डा. शोभा सिकरवार द्वारा परिषद में प्रस्तुत किए गए 2128 करोड़ रुपए के बजट में संशोधन के लिए कुल 47 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इनमें भाजपा पार्षदों ने 46 आपत्तियां लगाई हैं। कांग्रेस द्वारा पार्षद अंकित कट्ठल की तरफ से एक आपत्ति लगाई गई है। अब इन सभी आपत्तियों पर आगामी 28 मार्च को बहस कराई जाएगी और बैठक में जमकर हंगामा होने की उम्मीद है।
21 मार्च को महापौर डा. शोभा सिकरवार द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए बजट प्रस्तुत किया गया था। बजट भाषण में महापौर द्वारा बताया गया कि नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने 16.53 अरब आय बताकर 16.32 अरब व्यय का प्रस्ताव में 7.14 लाख का लाभ दिखाते हुए मेयर इन काउंसिल (एमआइसी) के सामने प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद एमआइसी ने नगर निगम के सभी विभागों के वित्तीय आय-व्यय की स्थिति का आंकलन कर चालू होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए पूंजीगत तथा राजस्व मद में कुल 21 अरब 28 करोड़ आठ लाख 31 हजार रुपए आय तथा 21 अरब सात करोड़ 45 लाख 27 हजार रुपए व्यय का प्रस्ताव तैयार किया। इसमें स्वयं के स्रोतों से आय का पांच प्रतिशत 20 करोड़ 60 लाख दो हजार 850 रुपए संचित निधि में रखने का प्रविधान कर शुद्ध लाभ तीन लाख एक हजार 150 रुपए आधिक्य का बजट प्रस्तुत किया गया। सभापति मनोज सिंह तोमर ने बजट भाषण होने के बाद पार्षदों को संशोधन के लिए आपत्ति लगाने को 25 मार्च तक की समय सीमा दी थी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी यानी विपक्ष के पार्षदों की ओर से 46 तथा कांग्रेस यानी सत्ता पक्ष की ओर से सिर्फ एक पार्षद ने आपत्ति लगाई है। आपत्तियों में भाजपा पार्षदों ने प्रस्तुत बजट प्रस्ताव को पढ़ने के बाद मौलिक निधि, स्वेच्छानुदान निधि, कई मदों में बजट राशि को कम करने व बढ़ाने सहित अन्य मुद्दों पर लगभग 47 संशोधन पत्र लगाए थे। हालांकि पार्षद अनिल सांखला द्वारा एक ही मामले के दो संशोधन पत्र होने पर उन्होंने अपना एक पत्र तत्काल वापस ले लिया। अब इन सभी मुद्दों पर आगामी 28 मार्च को होने वाली बजट की बैठक में हंगामा होने के आसार हैं।
Posted By: anil tomar
- # Gwalior Municipal budget 2023
- # Gwalior Municipal Corporation News
- # gwalior highlights
- # gwalior news
- # gwalior