Gwalior News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शिवपुरी लिंक रोड स्थित टोयोटा शोरूम के पेंट बूट में गुरुवार को आग लग गई। आग लगने के बाद शोरूम के अंदर लपटें उठने लगी और स्टाफ में भगदड़ मच गई। गनीमत रही समय पर दमकल अमला पहुंच गया, अगर कुछ देर और होती तो आग भड़क सकती थी। गाड़ियां बाल-बाल बच गई। आग लगने से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एक गाड़ी पानी फेंककर आग पर काबू पाया गया।
शिवपुरी लिंक रोड पर अनंत टोयोटा नाम से कार का शोरूम है। शोरूम के सीइओ जितेंद्र मालवीय ने बताया कि दोपहर में अचानक पेंट बूट से आग की लपटें उठने लगी। पेंट बूट में कार पर पेंट करने वाला केमिकल होता है। इसमें अचानक आग की लपटें उठने पर स्टाफ बाहर की तरफ भागा। शोरूम के अंदर लगे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। फायर ब्रिगेड अमले को भी सूचना दे दी गई। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी यहां आ गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अगर आग और अधिक भड़क जाती तो काफी नुकसान हो जाता।
शासकीय गली से हटाया अतिक्रमण
नगर निगम के अमले ने गुरुवार को लक्कड़खाना पुल के पास सरकारी गली पर किए गए पक्के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। यहां माधौगंज थाना का पुलिस बल भी मौजूद था। यहां रामदुलारी पत्नी रघुवीर दयाल द्वारा निर्माण कर लिया गया था। इसकी शिकायत जनसुनवाई में भी अधिकारियों के पास पहुंची थी।
गंदगी फैलाने वालों से वसूला जुर्माना
स्वच्छता के प्रति जनता को जागरुक करने के लिए निरंतर अभियान चलाकर गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूल किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ग्वालियर रेलवे स्टेशन खगोल लोको लेवर कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड से 15 हजार रुपये का सफाई शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर भी गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूल किया गया। वहीं निगम के मदाखलत अमले ने नाका चंद्रवदनी एवं झांसी रोड मुख्य मार्ग पर यातायात में अवरुद्ध हाथठेला, पोस्टर और स्टैंडी को जब्त करने की कार्रवाई की।
Posted By: anil tomar