Gwalior News: ग्वालियर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुरार इलाके में रहने वाली महिला ने जेठानी पर बौद्ध धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पहले उसे पति और ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। अब जेठानी धर्म बदलने का दबाव बना रही है। बार-बार उसे धमकाया जा रहा है। इस मामले में महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मुरार स्थित नर्मदा कालोनी निवासी महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई के दौरान यह शिकायत की। महिला ने बताया उसकी शादी थाटीपुर निवासी भूपेंद्र सिंह से हुई थी। शादी में मायके वालों ने करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बाद भी पति और ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। उसे दिन में एक ही बार खाना दिया जाता था और पूरे दिन में सिर्फ एक बोतल पानी पीने के लिए दिया जाता था। वर्तमान में उसे ढाई माह का गर्भ है। इसके बाद भी प्रताड़ित किया जा रहा है।
उसने बताया कि जेठानी बौद्ध धर्म को मानती है। बौद्ध धर्म अपनाने के लिए उस पर दबाव डाला जा रहा है। उसे दिन-रात परेशान किया जाता है। उसे पूजा नहीं करने दी जाती। यहां तक कि दीपावली वाले दिन भी लक्ष्मी पूजन नहीं करने दिया। इस मामले में एएसपी राजेश दंडोतिया का कहना है महिला ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जा रही है। इसमें कोई एफआइआर दर्ज नहीं हुई है
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
- # Women Harassment
- # Gwalior News
- # Crime News
- # Madhya Pradesh News
- # Gwalior Murar
- # Buddhism
- # Conversion