- रात का तापमान 4 डिसे पर आया, आज भी चल सकती है शीतलहर

ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जम्मू-कश्मीर से आ रही बर्फीली हवाओं से रात में कड़ाके की ठंड बढ़ गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया और सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे शहर शीतलहर की चपेट में रहा, लेकिन कोहरा व बादल नहीं आने से दिन में तेज धूप निकली, लेकिन उत्तरी हवाओं ने सूरज की तल्खी ज्यादा नहीं बढ़ने दी। 23 दिन (पांच जनवरी) बाद शहर ने पूरे 12 घंटे तक सूरज के दर्शन किए। सूर्य अस्त के बाद उत्तरी हवाओं ने कंपकपी बढ़ा दी। मौसम विभाग ने 29 जनवरी को भी शीतलहर के आसार जताए हैं। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में अभी पश्चिमी विक्षोभ नहीं पहुंचा है, जिसके चलते तेज गति से उत्तरी हवाएं आ रही हैं। यह हवा बर्फीली ठंडक लेकर आ रही हैं। हवा की गति चार से छह किमी प्रतिघंटा रही। इस कारण ठंड बढ़ गई है, लेकिन दिन में ठंड कम हुई है। दिन का तापमान सामान्य से 1.8 डिसे कम रहा। इस कारण कोल्ड रिकार्ड नहीं हो सका। ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या बदल गई है। सुबह भी देर से हो रही है। सूर्य अस्त के बाद ठंड बढ़ने पर सड़कों पर लोगों की संख्या कम रही।

आज सक्रिय हो सकता है पश्चिमी विक्षोभ, 48 घंटे में मिल सकती है राहत

- जम्मू-कश्मीर में 29 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा का रुख बदलना शुरू हो जाएगा। बर्फीली हवा के थमने के बाद ठंड से राहत मिलना शुरू हो जाएगी। 48 घंटे में शहर को कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद है।

- पश्चिमी विक्षोभ के कारण फरवरी में शहर में बादल छा सकते हैं, जिससे रात के तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच सकता है। दिन में भी ठंड सामान्य रह सकती है।

अधिकतम तापमान-22.6 डिसे

न्यूनतम तापमान-4.0 डिसे

समय तापमान

05:30 06.4

0830 07.8

11:30 18.8

14:30 22.0

17:30 18.8

Posted By: anil.tomar

Mp
Mp