ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। दिन का पारा 42 डिग्री से ज्यादा हो चुका है, यही वजह है- रात का पारा भी बढ़ गया है। भीषण गर्मी के बीच शहर में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। शहर में हर रोज औसतन चोरी की 2 घटना होती थी, लेकिन पिछले करीब 20 दिन से शहर में किसी दिन 3 तो किसी दिन 4 वारदात हो रही है। खास बात यह है- रात में घर में घुसकर चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। रात 2 से सुबह 4 बजे के बीच सबसे ज्यादा चोरी की घटनाएं हो रही हैं। नईदुनिया की पड़ताल में यह सामने आया। जब इस संबंध में पुलिस अधिकारियाें से बात की, तब उन्होंने इसकी वजह भी बताई। यही वजह है- अब रात के गश्त को लेकर पुलिस अफसर सख्त हो गए हैं, सभी थाना प्रभारियों को आदेश भी दिए हैं, अगर गश्त में लापरवाही पाई गई तो सीधे कार्रवाई की जाएगी।

आखिर क्या है वजह

- दिन और रात में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके चलते घर-घर कूलर चल रहे हैं। दो दिन पहले एक चोर पकड़ा गया, यह चोर सिटी सेंटर इलाके में चोरी करता था। जब उससे पूछताछ की तो वह बोला- रात में कूलर की आवाज में जब घर में घुसते हैं तो किसी को आहट सुनाई नहीं देती। इसी दौरान चोरी कर भाग जाते हैं।

- वहीं पुलिस अफसर कहते हैं- अब चोर नशीले स्प्रे का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसे कूलर में डाल दिया जाता है। इसके बाद जो लोग कूलर में सो रहे होते हैं, वह गहरी नींद में चले जाते हैं। इस दौरान चोर चोरी कर लेते हैं।

पुलिस की गश्त पर उठ रहे सवाल

चोरी की घटनाएं बढ़ने के कारण पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। रात को शहर में 4 थाना प्रभारी, दो डीएसपी एक दिन में रात्रि गश्त पर रहते हैं। इसके अलावा हर रोज हर थाने से 6 पुलिसकर्मी गश्त में रहते हैं। फिर भी वारदात हो रही हैं।

चोरी की घटनाएं जो हुई हैं, उनमें आरोपितों को पकड़ने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। अब गश्त में जो लापरवाही बरतेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। जहां चोरी होगी, वहां के बीट प्रभारी की जवाबदेही तय होगी।

राजेश सिंह चंदेल, एसएसपी

Posted By: anil tomar

Mp
Mp