Gwalior Weather Alert: ग्वालियर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आ रही नमी के कारण शहर का मौसम बदल गया। बुधवार शाम को काली घटाएं छा गईं और अंचल में बूंदाबांदी हो गई। इससे शाम को गर्मी से राहत मिल गई, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे का आरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर सहित अंचल में वर्षा, आंधी व ओलावृष्टि के आसार हैं। 48 घंटे में होने वाली वर्षा से फसलों को भारी हो सकता है, क्योंकि वर्षा, आंधी व ओले तीनों ही गेहूं, चना, सरसों को नुकसान पहुंचाएंगे। गत दिवस शहर सहित अंचल में वर्षा हुई। घाटीगांव व भितरवार क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। इससे फसलों को 25 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। फली से सरसों झड़ गई। गेहूं की फसल खेतों में लेट गई है। गेहूं में भी 25 प्रतिशत तक का नुकसान है। दाना पतला हो जाएगा और भूसा भी कम निकलेगा। कृषि वैज्ञानिक डा़ राज सिंह कुशवाह का कहना है कि आगे भी वर्षा के आसार हैं। अब हर फसल को नुकसान होगा।

इन कारणों से बदला मौसम

- जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। राजस्थान में एक चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। अरब सागर से भी नमी आ रही है। द्यबंगाल की खाड़ी से उत्तर भारत तक ट्रफ लाइन बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से भी पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है।

- मध्य प्रदेश के ऊपर अरब सागर व बंगाल की खाड़ी की नमी इकट्ठा हो रही है। दक्षिण पूर्वी व पश्चिमी हवाएं भी प्रदेश के ऊपर टकरा रही हैं।

- इन सभी की वजह से मध्य प्रदेश ज्यादा प्रभावित है। 16 व 17 मार्च को वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी है।

- 50 से 70 किमी प्रति घंटा की गति से आंधी भी चल सकती है।

- गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी होंगी।

- 20 मार्च तक वर्षा, आंधी, ओलों का सामना करना होगा, क्योंकि कम ऊंचाई वाले बादल बन रहे हैं।

Posted By: anil tomar

Mp
Mp
 
google News
google News