Gwalior Weather News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जम्मू-कश्मीर में आए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी ने शहर का मौसम बदल दिया। इसके चलते रात का तापमान पिछले दिन के मुकाबले 3.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आसमान में बादल घिर आए और दोपहर होते-होते शहर में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि वर्षा के बाद हल्की धूप भी निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर-चंबल अंचल में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ अा गया है। अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी अाना शुरू हो गई है। इसके चलते शहर में गरज-चमक के साथ रिमझिम वर्षा हुई। इससे पहले 22 से 26 जनवरी तक बादल छाए रहने के साथ बारिश भी हुई थी। इसके बाद दो दिन मौसम शुष्क रहा, लेकिन रविवार की दोपहर फिर से घने बादल छा गए। दोपहर लगभग 12 से 1:30 बजे तक रुक-रुककर कभी बूंदाबांदी, तो कभी रिमझिम बारिश हुई। इस दौरान शहर में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम का यह प्रभाव अगले 24 घंटे तक और रहेगा। इस दौरान भी हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा। इसके बाद नमी आने से कोहरे की दस्तक होगी और पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाने के बाद उत्तरी हवा चलनी शुरू होगी। इससे सर्दी बढ़ेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा रविवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है।

Posted By: anil tomar

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close