Gwalior Weather News: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जम्मू-कश्मीर में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार को लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन दोपहर में घने बादल छाने और शाम को बूंदाबांदी के कारण तीन घंटे में तापमान में आठ डिग्री की गिरावट हुई। ढाई बजे तापमान 38.6 डिसे था, जो शाम साढ़े पांच बजे 30 डिग्री के पास पहुंच गया। आज से नौतपा की शुरुआत हो रही है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना है।

इसके बाद 26 मई से एक और पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर में आएगा। इसके चलते नौतपा के बावजूद लोगों को गर्मी का प्रकोप नहीं झेलना पड़ेगा। नौतपा से एक दिन पहले ही सूरज के तेवर ढीले पड़ गए। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मई अंत तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान भी ग्वालियर-चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस बार नौतपा के पहले दिन ही बारिश की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ को अरब सागर से नमी मिल रही है। इसके चलते मौसम में बदलाव आएगा। तापमान में अभी और गिरावट होगी। हालांकि पिछले तीन दिन में कड़क धूप के चलते पारा 45 डिग्री के नजदीक पहुंच गया था, लेकिन बुधवार को दोपहर बाद काफी घने बादल छाए रहे और शाम चार बजे के आसपास बूंदाबांदी हो गई। इस दौरान शहर में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा बुधवार को अधिकतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 3.5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Posted By: anil tomar

Mp
Mp