दिन रहा शीतल: आज छाएगा कोहरा, रात के तापमान दो से तीन डिसे आएगी गिरावट

Gwalior Weather Update: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राजस्थान में बने चक्रवातीय घेरे से सोमवार को शहर में रिमझिम बारिश हुई। दिन में धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस (डिसे) की गिरावट के साथ 17.2 डिसे दर्ज हुआ, जो सामान्य से 7.2 डिसे कम रहा। दिन में शीतल अहसास हुआ। दिनभर वर्षीं फुहारों ने शहर की गति रोक दी। व्यस्ततम सड़कों पर जाम की स्थिति रही। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी को वर्षा का दौर थम जाएगा और आसमान भी साफ रहेगा। इससे रात के तापमान में दो से तीन डिसे की गिरावट आएगी, दो फरवरी तक ठंड रहेगी।

जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर से राजस्थान में भी एक चक्रवातीय घेरा बन गया है। इसे अरब सागर से नमी मिल रही है, जिससे शहर का मौसम बदला हुआ है। गत दिवस बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन सोमवार को सुबह से फुहारें बरसना शुरू हो गईं। बादलों की वजह से धूप नहीं निकली, इससे दिन में ठंड का अहसास हुआ। तेज हवा की वजह से दिन में ठंड का अहसास हुआ। ठंड से राहत के लिए लोगों ने अलाव भी जलाए। न्यूनतम तापमान 12 डिसे दर्ज हुआ, सामान्य से 3.8 डिसे अधिक रहा। दिन व रात का मौसम एक जैसा रहा, तापमान में महज पांच डिसे का अंतर रहा।

आगे ऐेसा रहने वाला है मौसम

- राजस्थान का चक्रवातीय घेरा कमजोर पड़ जाएगा। 31 जनवरी को दोपहर बाद आसमान साफ हो जाएगा और धूप निकल आएगी। धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

- एक फरवरी से उत्तरी हवा दस्तक देगी, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। हालांकि शीतलहर के आसार नहीं बनेंगे।

तापमान के आंकड़े

अधिकतम तापमान - 17.2 डिसे

न्यूनतम तापमान - 12 डिसे

वर्षा - 1.9 मिमी

Posted By: anil tomar

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close