-कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी शोभा सिकरवार के समर्थन के लिए प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे
ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नगरीय निकाय चुनाव का घमासान शुरू हाे चुका है। कांग्रेस भी इस रण में जीत के लिए पूरी ताकत झाेंक रही है। इसके तहत बुधवार काे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व सीएम कमल नाथ ग्वालियर आएंगे। यहां पर वह कांग्रेस की महापाैर प्रत्याशी शाेभा सिकरवार के समर्थन के लिए प्रबुद्धजनाें से मुलाकात करेंगे। इसके बाद फूलबाग मैदान में सभा काे संबाेधित करेंगे।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा देवेंद्र शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राम पांडे व अनुराधा सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ बुधवार को शाम 4 बजे विशेष विमान से आएंगे। शाम को साढ़े चार बजे संगम वाटिका में महापौर प्रत्याशी डा शोभा सिकरवार के समर्थन के लिए शहर के प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगें। शाम छह बजे फूलबाग मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने सभा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कमल नाथ से सीधा संवाद करने के लिए नगर के व्यापारियों, अभिभाषकों, समाज के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
रमाया होटल पर क्यों नहीं चल रहा बुलडोजरः कांग्रेस ने सवाल उठाया कि दुष्कर्म के आरोपित के घरों पर बुलडोजर चला दिए। होटल रमाया के मालिक रामनिवास शर्मा के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। आरोपित को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है और एक केंद्रीय मंत्री से नजदीकी है, इसलिए उसकी न तो आज तक गिरफ्तारी हुई है और न ही उसकी गिरफ्तारी पर इनामी घोषित हुआ है। होटल का निर्माण भी सरकारी नाले पर किया गया है, लेकिन आज तक इस होटल पर बुलडोजर नहीं चला है। इस होटल को भाजपा ने उपचुनाव में संभागीय मीडिया कार्यालय बनाया था।
आदर्श नगर निगम होना चाहिए थाः शहर की नगर निगम पर पचास साल से अधिक समय तक भाजपा का कब्जा रहा है। शहर की हालत किसी से छिपी नहीं हैं। टूटी फूटी सड़कें, डैमेज सीवेज सिस्टम व अब तक हर घर में नलों से भाजपा पानी तक नहीं पहुंचा पाई है। कांग्रेस ने दावा किया कि इस बार नगर सरकार हमारी होगी और सरकार की तस्वीर बदल जाएगी।
Posted By: vikash.pandey
- Font Size
- Close