Nautapa 2023: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जम्मू-कश्मीर में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से भीषण गर्मी के लिए पहचाने जाने वाले नौतपा के पहले दिन ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 40 डिग्री तक भी नहीं पहुंच पाया और 38 डिग्री सेल्सियस पर ही थम गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार से पांच दिन तक मौसम इसी तरह से बना रहेगा। आगामी 48 घंटों में आंधी और वर्षा की संभावना जताई गई थी, लेकिन देर रात ही सिस्टम बनने से झमाझम बारिश हुई। इससे मौसम में और ठंडक घुल गई।

रोहिणी नक्षत्र के प्रारंभिक नौ दिनों में अक्सर भीषण गर्मी और लू की स्थिति देखने को मिलती है, जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद मौसम प्रणालियों के चलते शहर में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को सुबह से दोपहर तक आकाश में हल्के बादल नजर आए, जबकि दोपहर बाद मौसम शुष्क हो गया। इसके बाद भी पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 4.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही पंजाब व झारखंड में दो चक्रवात बने हुए हैं। इसके साथ ही अरब सागर से हवाओं के साथ नमी भी आ रही है। इन कारणों से बादल बन रहे हैं और ग्वालियर-चंबल संभाग में आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। यह स्थिति 30 मई तक बनी रहेगी। अगले 48 घंटों में अंचल में कुछ स्थानों पर तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। फिलहाल अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहेगा।

Posted By: anil tomar

Mp
Mp