- आंधी के कारण रात और दिन में कई बार गई बिजली
ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आ रही नमी के चलते नौतपा के तीसरे दिन भी शहर में आंधी व बारिश का दौर रहा। 20 किमी प्रति घंटा की गति से चली आंधी से शहर कई जगह पेड़ गिरे व होर्डिंग्स के बैनर उड़ गए। वहीं गुरुवार-शुक्रवार की रात से लेकर सुबह व दिन में कई बार बिजली गुल हुई। हालांकि बारिश के कारण धूल ज्यादा नहीं उड़ सकी, शाम को मौसम में ठंडक आ गई। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस कारण अगले 48 घंटों तक आंधी-बारिश के आसार रहेंगे।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम को प्रभावित करने वाले सिस्टम बन रहे हैं। इन सिस्टम के चलते हवा में नमी आ रही है। पहले दिन से ही नौतपा नहीं तपा है। पहले दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा था। दो दिनों तक तापमान 41 डिसे से अधिक दर्ज नहीं हुआ। गर्मी होने के कारण शाम को मौसम बदल रहा है, रोज आंधी व बारिश आ रही है। गत दिवस दो बार आंधी आई, शुक्रवार को आसमान साफ रहने से तेज धूप निकली और दोपहर में गर्मी बढ़ने पर मौसम बदल गया। आसमान में काली घटाएं छा गईं, तेज हवा चलने लगी और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस बारिश से अधिकतम तापमान में 10 डिसे की गिरावट दर्ज हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिसे कम दर्ज हुआ। रात का तापमान भी सामान्य से 3.6 डिसे कम रहा।
आंधी से बिजली ज्यादा प्रभावित
दो दिन से आ रही आंधी व बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था गड़बड़ा गई है। गत दिवस शाम को आंधी आने से बिजली व्यवस्था बिगड़ गई थी। जब बिजली कंपनी ने लाइनों को दुरुस्त कर बिजली बहाल की तो आधी रात को फिर आंधी आ गई। इस आंधी के कारण रात में शहर में बिजली गुल हो गई। दो से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। सुबह छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। लश्कर, मुरार सहित अन्य जगहों पर बिजली व्यवस्था बिगड़ गई।
इन कारणों से बदल रहा मौसम
- पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। ग्वालियर-चंबल संभाग ट्रफ लाइन के दक्षिण में है। इस ट्रफ लाइन से हवा में नमी आ रही है। यह नमी बादल बनकर बरस रही है, आंधी भी आ रही है।
- पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के ऊपर पहुंच चुका है। यह 24 घंटे में जम्मू कश्मीर में पहुंच जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर से नमी आ रही है।
- बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आ रही नमी से मौसम बदला हुआ है। अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने वाला है।
अधिकतम तापमान-41.5 डिसे
न्यूनतम तापमान-24.9 डिसे
आंधी की गति-20 किमी
पारे की चाल
समय तापमान
05:30 26.6
08:30 32.2
11:30 38.4
14:30 41.6
17:30 31.4
Posted By: anil tomar
- Font Size
- Close