ग्वालियर.नईदुनिया प्रतिनिधि। पश्चिमी विक्षोभ के चलते शहर में आंधी आने का क्रम आज भी जारी रहेगा। यह आंधी 25 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है। दिनभर आसमान में बादल भी छाए रहेंगे। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार की तरह ही आज भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस ही रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। आंधी से बचने के लिए आवश्यक है कि दोपहिया वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और संभव हो, तो आंखों को धूल से बचाने के लिए चश्मे का उपयोग करें। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि होने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ता सहित अन्य सामाजिक दल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर रहे हैं।
स्केटिंग: दौलतगंज स्थित हिंदू महासभा भवन पर सुबह छह बजे स्केटिंग प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। स्केटर्स शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कटोराताल पहुंचेंगे, जहां प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा।
निरीक्षण: स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सुबह सात बजे शहर में निरीक्षण के लिए निकलेंगे।
जागरुकता: एंटी तंबाकू पखवाड़े के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा सुबह सात बजे से शहर में विभिन्न स्थानों पर युवाओं के लिए जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धांजलि: देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कम्पू स्थित नेहरू उद्यान में सुबह नौ बजे शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रृद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
टीकाकरण: कोरोना महामारी से बचाव के लिए सुबह नौ से शाम पांच बजे तक जिले में 200 केंद्रों पर टीकाकरण का आयोजन किया जाएगा।
उद्घाटन: दो दिवसीय वीर सावरकर मेले का शुभारंभ शाम साढ़े छह बजे किया जाएगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रपौत्री राज्यश्री चौधरी इसका उद्घाटन करेंगी।
Posted By: anil.tomar
- Font Size
- Close