हरदा। नवदुनिया प्रतिनिधि
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री कमल पटेल ने कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में आयोजित बैठक में आपकी समस्या का हल आपके घर अभियान की समीक्षा की। बैठक के दौरान मंत्री पटेल ने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देशित किया, कि यह अभियान गरीब वंचित परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस कार्य को गंभीरता और समाजसेवा के समर्पण भाव से संपादित करें। यह अभियान गरीबों को सशक्त बनाएगा और उन्हें समाज में नई दिशा प्रदान करेगा। समीक्षा के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम कुमार शर्मा के ने अभियान के अब तक की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस अभियान से अब तक 173 ग्रामों में सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 340 ग्रामों में सर्वे कार्य प्रगतिरत है। ग्रामीण क्षेत्र में 1307 कर्मचारियों द्वारा सर्वे कार्य किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में 27 वार्डों में सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है।
वहीं शहरी क्षेत्र में 70 कर्मचारियों के द्वारा सर्वे कार्य किया जा रहा है। सर्वे के दौरान गरीब वंचित परिवारों की पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, विकलांग प्रमाण पत्र, आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, बीपीएल कार्ड, नामांतरण बंटवारा जैसे महत्वपूर्ण 26 सेवाओं का संकलन किया जा रहा है। समीक्षा के दौरान मंत्री श्री पटेल ने नगर पालिका हरदा की प्रगति की सराहना की तथा उन्होंने नगर पालिका हरदा की पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा धर्म गुरुओं का पुष्प माला पहनाकर सम्मान किया गया। उन्होंने उपस्थित धर्मगुरुओं से आह्वान किया कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की सोच अनुसार गरीब वंचित परिवारों की सेवा करना ही सुशासन है। अतः आप सभी इस अभियान में लोगों को जागरूक करें और अपनी भूमिका निभाकर मुझे सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम के दौरान जिले के समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे