Narmadapuram News: नर्मदापुरम, नवदुनिया प्रतिनिधि। अंचल के मौसम में लगातार परिर्वतन बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह में तीसरी बार शनिवार को एक बार फिर मौसम बदल गया। शुक्रवार देर शाम तेज वर्षा हुई जिसके चलते मौसम में ठंडक घुल गई। शनिवार को दिन भर मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। वहीं शाम 4 बजे के बाद अचानक फिर मौसम में तेजी से बदलाव हुआ। तेज हवा के साथ ही बादलों ने डेरा डाल लिया। नर्मदापुरम, पिपरिया, इटारसी, पिपरिया, सोहागपुर में वर्षा हुई। सिवनीमालवा में मौसम सामान्य रहा यहां हवा चली, लेकिन वर्षा नहीं हुई। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। बार-बार मौसम में हो रहे बदलाव से किसान भी चिंता में है। किसानों को फसल की चिंता सता रही है। जिले में कई जगहों पर फसलें खड़ी हुई हैं।
शुक्रवार शाम को हुई तेज वर्षा
शुक्रवार शाम को तेज वर्षा हुई देर रात वर्षा का दौर थमा। हवा और पानी से फसलों को खतरा मंडरा रहा है। गेहूं फसलें कई जगहों पर आड हो गई है। कुछ जगहों पर फसल कट गई है, लेकिन दाना खराब होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि कृषि विभाग का कहना है कि फसलों को नुकसान नहीं है। किसान परेशान न हों, अपना कार्य जारी रखें। कृषि उपसंचालक जेआर हेडऊ ने बताया कि अभी जिले में तीन मिमी ही वर्षा दर्ज की गई है। यह वर्षा इतनी नहीं हुई कि फसलों को नुकसान हो। कुछ जगहों पर फसल आड़ी जरूरी हुई है।
किसान बोले- होगा नुकसान
मौसम में आ रहे परिर्वतन से किसानों के माथे पर शिकन है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो भारी नुकसान हो जाएगा। माखननगर के ग्राम सांगाखेड़ा के किसान गोपाल सैनी ने बताया कि खेत में गेहूं की फसल खड़ी हुई है। यदि वर्षा होती है तो फिर फसल आड़ी हो जाएगी व दाना भी नहीं पनप सकेगा। ऐसे में फसल खराब होने का खतरा है। आंधी व तूफान के कारण फसल कई जगह पर आड़ी हो गई है।
मौसम विभाग जता रहा यह संभावना
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंचल का मौसम 20 मार्च तक इसी तरह का बना रहेगा। तेज गति से हवा चलेगी साथ ही जिले में कुछ जगहों पर वर्षा होगी। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
18 मार्च - कुछ स्थानों पर ओला वृष्टि और आंधी तूफान तेज हवाएं 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार व गरज चमक बिजली और बौछार
प्रभावित स्थान - नर्मदापुरम, चंबल और इंदौर संभागों के जिलों में तथा सिवनी एवं छिंदवाड़ा जिला।
19 मार्च - कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज वाओं के साथ गरज चमक, बिजली और बौछारें -
प्रभावित स्थान - बैतूल, नर्मदापुरम, सिवनी एवं छिंदवाड़ा जिलों में।
तापमान में आई गिरावट
पिछले दो दिनों से हो रही वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 18 मार्च को नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी का तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। नर्मदापुरम का न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री व पचमढ़ी का तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 17 मार्च के नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री व पचमढ़ी का 29.2 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 19.1 व पचमढ़ी का 12 डिग्री सेल्सियस रहा।
बाक्स
सर्दी-खांसी के बढ़ रहे मरीज
मौसम में आए परिर्वतन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। लोग सर्दी खांसी और बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। जिला अस्पताल के साथ ही शहर के निजी अस्पतालों में मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने के लिए सलाह दी है। डा रविंद्र गंगराडे ने बताया कि अचानक मौसम में बदलाव हो रहा है। सावधानी बरतना चाहिए, ताकि बीमार ना पड़े। खुले पदार्थों का सेवन ना करें व घर से बाहर निकलते समय मास्क लगाएं।
वर्जन
जिले के कई इलाकों में वर्षा दर्ज हुई है, लेकिन यह वर्षा ज्यादा नहीं है। फसलों को नुकसान नहीं है। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। मौसम एक-दो दिन में सामान्य हो जाएगा। धूप लगने पर गेहूं का दाना बेहतर बना रहेगा।
- जेआर हेडऊ, उप संचालक, कृषि विभाग नर्मदापुरम
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close