फोटो 21 इटा 3 इटारसी। जमीन पर बैठकर बच्चों से चर्चा करते हुए कलेक्टर नीरज कुमार सिंह।
इटारसी नवदुनिया प्रतिनिधि। गरीब बेसहारा एवं कोविड महामारी में अपने पालकों को खो चुके बच्चों के पालन पोषण, शिक्षा और उनके सपनों को पूरा करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएं जाएंगे। यह निर्देश कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग एवं बाल देखरेख से जुड़ी संस्था के पदाधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने शुक्रवार को यहां जीवोदय बाल देखरेख संस्था के बच्चों की शिक्षा, पोषण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में संस्था प्रभारी से जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम मदन रघुवंशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ललित कुमार डेहरिया,जीवोदय बालिका गृह संचालिका सिस्टर क्लारा मौजूद रहे।
जीवोदय में करीब 35 मासूम बच्चे चटाई पर बैठे हुए थे, कलेक्टर पहुंचे तो सीधे जमीन पर बच्चों के साथ बैठ गए, करीब बीस मिनट तक बच्चों से बात की। एक किशोर ने कहा वह फौज में जाना चाहता है, एक छात्रा बोली मैं पुलिस अफसर बनूंगी, कुछ ने कहा हमें डाक्टर बनना है। सिंह ने बच्चों से कहा कि वह खूब पढ़े, स्वस्थ रहें और आगे बढ़े। आपकी शिक्षा और हर जरूरत को पूरा करने के लिए शासन- प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की जाएगी। सिंह ने संस्था की श्रेया (परिवर्तित नाम) के हाथ की हड्डी टूटने पर उपचार में आ रही समस्या पर 40 हजार रूपये की मदद रेडक्रास मद से कराने को कहा। जिला चिकित्सालय में बच्ची का इलाज होगा।
यहां रहने वाली 18 वर्षीय आयुषी ने कलेक्टर सिंह को बताया कि उनके पास किसी भी प्रकार के दस्तावेज ना होने के कारण पढ़ाई में समस्या आ रही है। आयुषी ने बताया कि उसके माता पिता का निधन हो चुका हैं। उनका हरदा में मकान हैं, लेकिन वहां उनका कोई नहीं हैं। इस पर कलेक्टर सिंह ने आयुषी समेत सभी बच्चों के आधार कार्ड बनाने के निर्देश दिए। हरदा जिला प्रशासन के माध्यम से आयुषी को अपने मकान पर हक दिलाने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया।
मढ़ई जाएंगे बच्चे
सिंह ने संस्था की बालिकाओं से संवाद किया और उनकी इच्छाएं जानी। बच्चों ने कलेक्टरसे कहा कि वे जम्मू कश्मीर, दिल्ली, मुंबई घूमना चाहते हैं, मढ़ई भी जाना चाहते हैं। कलेक्टर ने कहा कि कोविड काल के बाद उन्हें बाहर भेजा जाएगा, अगले सप्ताह बच्चे मढ़ई जाएंगे। यहां रहने वाले बच्चों के लिए कैरियर मार्गदर्शन शिविर भी लगाया जाएगा।
00000000
Posted By: Nai Dunia News Network