Accident in Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लापरवाह कार चालक ने इंदौर में चौकीदार की जान ले ली। नशे में कार चला रहा चालक चौकीदार को 50 फीट तक घसीटते हुए ले गया। किसान ने गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गांधीनगर थाना पुलिस के मुताबिक, घटना बिसनावदा रोड़ की है। 40 वर्षीय राम सिंह पुत्र पर्वत सिंह की सड़क हादसे में मौत हुई है। मूलत: राजस्थान निवासी राम सिंह फार्म हाउस और खेत पर चौकीदारी करता था। रविवार रात राम सिंह फोन पर बात कर रहा था। अचानक तेज रफ्तार में कार (एमपी 09सीवी 6193) आई और राम सिंह को टक्कर मार दी।
कार छोड़कर भाग गया चालक
कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि चालक नियंत्रित नहीं कर सका और राम सिंह को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गया। चालक और उसमें बैठे युवक कार छोड़ कर भाग गए। ग्रामीणों ने राम सिंह को मुश्किल से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस कार नंबर के आधार पर चालक की खोजबीन कर रही है।
Posted By: Hemraj Yadav