Accident in Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर के घंटाघर चौराहे पर भीषण हादसा हो गया। एक आइटी कंपनी के एचआर हेड वेदांत पंचोली की दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे में घायल साफ्टवेयर इंजीनियर आशीष वर्मा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ये दोनों कंपनी की तरफ से आयोजित पार्टी से लौट रहे थे कि उनकी तेज रफ्तार बाइक एमजी रोड पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर में घुस गई। वेदांत के पेट और जांघ में चोट लगी थी।
एसआइ शैलेंद्र अग्रवाल के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात लगभग पौने दो बजे का है। पटेल मार्ग गंज राजगढ़ (ब्यावरा) निवासी 28 वर्षीय वेदांत पुत्र अवधेश पंचोली मार्डन डेटाबेस कंपनी रुबिक में एचआर हेड था। इस कंपनी का विजय नगर थाने के सामने स्थित अपोलो प्रीमियम में आफिस है। सहकर्मी दिव्यप्रताप ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को कंपनी की तरफ से एक रेस्त्रां में पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें करीब आठ लोग सम्मलित हुए थे। वेदांत और आशीष वर्मा भी इसमें शामिल हुए थे। पार्टी खत्म होने के बाद दोनों बाइक (एमपी 09वीएन 6894) से सराफा जाने के लिए निकल गए।
पेट और जांघ पर लगी थी गंभीर चोट
दिव्य के मुताबिक, बाइक वेदांत चला रहा था और आशीष पीछे बैठा था। घंटाघर चौराहे पर बाइक डिवाइडर में घुस गई। राहगीर ने अपनी गाड़ी से दोनों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन वेदांत को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके पेट और जांघ पर गंभीर चोट लगी थी। आशीष के पैर और कमर में चोट है और उसको गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। सूचना मिलने पर वेदांत के ताऊ अनिल पंचोली अस्पताल पहुंचे।
राजगढ़ में रहता है परिवार
वेदांत के पिता अवधेश की राजगढ़ में किराना दुकान है और कुछ दिनों पूर्व वे खुद जख्मी हो गए थे। वेदांत की बहन वेदिका की एक महीने पूर्व ही शादी हुई है। वह इकलौता बेटा था। तुकोगंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close