Today In Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 30 मार्च को होंगे। इस अवसर पर शहर में तीन स्थानों पर साईं की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही राम नवमी के अवसर पर भगवान राम की जन्म आरती होगी। साथ ही चैत्र नवरात्र का समापन अवसर पर मठ-मंदिरों में आयोजित यज्ञ, हवन और अनुष्ठानों का समापन होगा।

- श्रीराम रथ यात्रा 500 वर्ष पुराने पंचकुइया स्थित श्रीराम मंदिर आश्रम से निकलेगी। इसमें प्राचीन भगवान रामलला रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस यात्रा में प्रसिद्ध भजन गायक श्रीधर झरकर के द्वारा राम भक्ति के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगीं। इस आयोजन में अयोध्या,चित्रकूट, मथुरा, वृन्दावन सहित पूरे भारत से साधु संतो के साथ ही पूरे शहर भर के साधु संत भी सम्मिलित होंगे। रथ यात्रा शाम 4 बजे निकलेगी। इससे पहले दोपहर 12 बजे भगवान टीकमजी की जन्म आरती होगी । पीठाधीश्वर रामगोपालदास महाराज ने बताया कि यात्रा मार्ग को भगवान ध्वजा से सजाया जा रहा है।

- मनोरमागंज स्थित गीता भवन में राम दरबार को 11 प्रकार के फूलों से सजाया जाएगा। इस अवसर पर अखंड रामायण पाठ एवं दुर्गा सप्तशती पाठ की पूर्णाहुति सुबह 10 बजे होगी। रामजन्म उत्सव की आरती दोपहर 12 बजे राम दरबार मंदिर में होगी। इस अवसर पर राम दरबार को ग्यारह किस्म के फूलों, पत्तियों, रेशमी वस्त्रों एवं विद्युत की रंग –बिरंगी छटा से श्रृंगारित किया जाएगा। गीता भवन परिसर स्थित सभी देवालयों का भी विशेष श्रृंगार किया जाएगा। राम जन्मोत्सव के साथ ही जगदगुरू रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशाचार्य महाराज के सानिध्य में सात दिवसीय हनुमान प्राकट्य महोत्सव भी शुरू होगा।

- बड़ा गणपति पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य में दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव आरती होगी। इससे पहले सुबह 9 बजे भगवान राम का अभिषेक होगा और मठ पर चल रहे दुर्गा सप्तशती पाठ की पूर्णाहुति शाम 6 बजे होगी। मठ स्थित राम दरबार की दिव्य और मनोहारी प्रतिमाओं का श्रृंगार यहां पहले दिन से ही किया जा रहा है। राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सभी देवालयों में मनोहारी श्रृंगार भी किया जाएगा।

-राष्ट्रीय युवा मंच द्वारा प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा शाम 5.30 बजे निकाली जाएगी। इससे इससे दोपहर 12 बजे महाआरती होगी।

- शहर के श्रमिक क्षेत्र में सार्वजनिक श्रीसाईंनाथ मंदिर नंदा नगर मेनरोड पर दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव मनाया जाएगा।इसके बाद प्रभु को छप्पन भोग अर्पित होंगे।

- आध्यात्मिक साधना मंडल के तत्वावधान में सुबह 10 बजे अपरिचित रामायण पर व्याख्यान होगा। इसके बाद भगवान की जन्म आरती होगी। दोपहर एक बजे वेदमूर्ति धनंजय शास्त्री वैध शुभ मुहूर्त में मंदिर पर शिखर अर्पित करेंगे।

- शहर में राम नवमी पर गुरुवार को तीन स्थानों से साईं की प्रभातफेरी निकाली जाएगी।इंदौर शहर साईं भक्त सेवा समिति द्वारा शोभायात्रा शाम 6 बजे कृष्णपुरा स्थित दत्त मंदिर से निकाली जाएगी। केंद्रीय साईं सेवा समिति द्वारा शोभायात्रा शाम 5 बजे बड़ा गणपति चौराहा से छत्रीबाग तक निकाली जाएगी। देवी अहिल्या साईं सोशल भक्त सेवा समिति द्वारा मल्हारगंज स्थित छोटा गणपति से 6 बजे शोभायात्रा निकाली जा रही है। तीन यात्रा समितियों ने यात्रा को लेकर तैयारियां की है।

- गीता रामेश्वरम ट्रस्ट द्वाराशाम 6 बजे अभय प्रशाल रेसकोर्स रोड पर भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें मेरा भोला भंडारी से प्रसिद्ध हुए गायक हंसराज रघुवंशी प्रभु भजनों की प्रस्तुति देंगे।आयोजन स्थल पर 15 हजार नागरिक भजन गाकर प्रभु की भक्ति करेंगे। आडिटोरियम के बाहर भी चार बड़ी स्क्रीन भी लगाई जाएगी ताकि सभी भजन संध्या का लुत्फ ले सके।

Posted By: Sameer Deshpande

Mp
Mp