Congress Protest in Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के विरोध में शहर कांग्रेस इंदौर के रीगल तिराहे पर 27 मार्च को धरना प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस नेताओं को अपने साथ पांच लोगों को लाने के लिए कहा गया है। धरना प्रदर्शन की रणनीति बनाने के लिए शनिवार को शहर कांग्रेस के प्रभारी महेंद्र जोशी की अध्यक्षता में गांधी भवन में बैठक हुई। इसमें 34 नेताओं ने संबोधित किया।

बैठक में तय हुआ कि धरना सुबह 10.30 बजे शुरू होगा और सभी नेता इसमें जुटेंगे। जोशी ने कहा कि इससे बड़ी घटना हमारे लिए नही हो सकती। जब इंदिरा गांधी की सदस्यता रद की थी, तब हर कांग्रेसजन आंदोलित था। आज भी हर कांग्रेस जन आंदोलित है, दुखी है। लोकतंत्र के मूल्यों से हटकर मोदी सरकार ने राहुल गांधी पर अन्यायपूर्ण रवैया अपनाकर संसद की सदस्यता रद की है। बैठक में विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, अश्विन जोशी, विनय बाकलीवाल, शोभा ओझा सहित अनेक कांग्रेस जन उपस्थित थे।

विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश - वर्मा

इंदौर। राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य घोषित किए जाने को कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की हत्या करार दे रही है। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के अनुसार, विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। राहुल लोकसभा में सरकार से सवाल न कर सकें, इसलिए उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया। इंदौर प्रेस क्लब में शनिवार को पत्रकार वार्ता में वर्मा ने कहा- राहुल लोकसभा में अडानी के मुद्दे पर फिर बोलते, इसलिए उनके खिलाफ कुछ ही घंटों में अयोग्यता का फैसला कर लिया। फैसले के खिलाफ वे एक माह में अपील कर सकते हैं। प्रदेश सचिव राजेश चौकसे, प्रदेश प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम, अमन बजाज, सच सलूजा, देवेंद्र सिंह यादव भी मौजूद थे।

Posted By: Hemraj Yadav

Mp
Mp