Jan Seva Yojana: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा भी विभिन्न योजनाओं के प्रकरणों का निराकरण कर आवेदकों को कागज़ात सौंपे जा रहे हैं। अभियान के तहत अभी तक 1000 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। साथ ही अन्य प्रकरणों का निराकरण भी किया जा रहा है। अभियान के दौरान उम्दा कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान भी प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।

आईडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान को प्राधिकरण ने अपनी कार्य प्रणाली में लेते हुए विभिन्न हितग्राहियों को संबंधित कागजात सौंपे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत अभी तक 1000 प्रकरणों का निराकृत कर दिया गया है। प्राधिकरण द्वारा त्वरित कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जा रहा है। आगे भी अभियान के तहत श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

मुख्य कार्यपालिक अधिकारी आर.पी. अहिरवार ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें शासन के विभिन्न विभागों में जन-जन से संबंधित लंबित प्रकरणों या आवेदन किए गए प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाना अभियान का अभिन्न हिस्सा है। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा इस अभियान के तहत कार्यों के त्वरित निराकरण के लिए सहायक सम्पदा अधिकारी हेमंत उपाध्याय एवं लिपिक द्वय वीरेन्द्र पाल एवं राम विवरेकर को सम्मानित किया गया है।

Posted By: Sameer Deshpande

Mp
Mp