Hello Doctor Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गर्मी के दिनों में आंखों में जलन, आंखों का लाल होना और आंखों का दर्द बहुत सामान्य समस्या है। गर्मी की वजह से आंखों में सूखापन आ जाता है। संक्रमण की आशंका भी अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा रहती है। यही वजह है कि आंखों की देखभाल के साथ-साथ साफ-सफाई का ध्यान भी रखना जरूरी है। धूप में निकलना जरूरी हो तो अच्छी क्वालिटी का चश्मा पहनने के बाद ही निकलें। आंखों को बार-बार ठंडे पानी से धोते रहें। बर्फ से सिकाई भी की जा सकती है। इससे दर्द में तुरंत आराम मिलता है।
यह बात एमजीएम मेडिकल कालेज के स्कूल आफ एक्सीलेंस फार आई की नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. टीना अग्रवाल ने कही। वे बुधवार को नईदुनिया के साप्ताहिक आयोजन हेलो डाक्टर में पाठकों के सवालों के जवाब दे रहीं थीं। डा. अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के दिनों में सूर्य की रोशनी सीधे आंखों में पड़ने से रेटिना पर असर पड़ सकता है। जरूरी है कि आप अच्छी क्वालिटी का चश्मा पहनें। लगातार मोबाइल, लैपटाप या कंप्यूटर पर काम करने वालों को उन्होंने सलाह दी कि वे 20-20-20 फार्मूला अपनाएं। यानी हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड का आराम लें और इस दौरान 20 फीट दूर स्थित किसी वस्तु को देखें। इससे आंखों को नसों को आराम मिलेगा। स्क्रीन की रोशनी को बहुत ज्यादा ब्राइट न करें। इस मौसम में धूल की वजह से एलर्जी होने की आशंका बहुत होती है।
इन बातों का रखें ध्यान
- धूप में निकलते वक्त यूवी (पराबैंगनी) प्रोटेक्शन चश्मे का इस्तेमाल करें।
- आंखों में जलन, भारीपन, सूखापन होने पर पांच मिनट तक बर्फ की सिकाई करें।
- सूर्य की रोशनी सीधे आंखों पर पड़ने से कार्निया और रेटिना पर असर पड़ सकता है।
- अगर लगातार वातानुकूलित वातावरण में बैठकर काम करते हैं तो भी आंखों की समस्या हो सकती है।
- गर्मी के मौसम में संक्रमण का खतरा अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा रहता है। आंखों को छूने से पहले हाथों को अच्छे से धो लें।
- कार्यस्थल पर नमी बनाएं रखें।
- सामान्यत: 40 साल की उम्र के बाद साल में एक बार नियमित रूप से आंखों की जांच करवाएं।
- मधुमेह के मरीजों को नियमित अंतराल से आंखों की जांच करवाते रहना चाहिए।
सवाल-जवाब
सवाल: गर्मी के मौसम में आंखों में दर्द होता है। क्या करें? -राजेश अग्रवाल देवास
जवाब: गर्मी के दिनों में आंखों में सूखापन आ जाता है। इस वजह से आंखें दर्द करने लगती हैं और भारी हो जाती हैं। आप बर्फ की सिकाई करें। इससे आराम मिलेगा। सूखापन कम करने के लिए आंखों में डालने की दवाई भी आती है।
सवाल: धूप में निकलते हैं तो आंखें लाल हो जाती है? कुछ देर आराम करने के बाद सामान्य हो जाती हैं। - अख्तर शेख
जवाब: यह एलर्जी की वजह से हो सकता है। आप डाक्टर को दिखाएं।
सवाल: धूप की वजह से यातायात सिग्नल दिखाई नहीं देता। आंखों से पानी भी आता है। - अनिल कवचाह
जवाब: कोशिश करें कि धूप सीधे आंखों पर न पड़े। अच्छी क्वालिटी के यूवी प्रोटेक्शन ग्लास इस्तेमाल करें। चश्मे का कलर आप अपनी सुविधानुसार तय कर सकते हैं।
सवाल: मेरी उम्र 73 वर्ष है। मुझे आंखों में जलन होती है और खुजली चलती है। इस मौसम में यह समस्या बढ़ जाती है। -मदनसिंह ठाकुर
जवाब: उम्र के हिसाब से भी आंखों में सूखापन आ जाता है। आप आईड्राप इस्तेमाल कर सकते हैं। आंखों को बंद करके बर्फ की सिकाई करें। इसके बाद भी फायदा न हो तो डाक्टर से संपर्क करें।
सवाल: मेरे पिता की उम्र 85 वर्ष है। उनकी एक आंख से लगातार पानी आता रहता है। - विनोद मूंढत
जवाब: हो सकता है आंख में आंसू वाला रास्ता बंद हो गया हो। आप नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच करवाएं।
सवाल: मुझे धूप सहन नहीं होती। धूप में मुझे दूर का नजर नहीं आता। मैं कहां जांच करवा सकता हूं। - ओमप्रकाश खंडेलवाल
जवाब: आपको चश्मा लगाना चाहिए। चश्मा लगाने के बाद भी नजर नहीं बढ़ती है तो जांच करवाएं। आप एमजीएम मेडिकल कालेज के स्कूल आफ एक्सीलेंस में जांच करवा सकते हैं।
सवाल: जिन्होंने कुछ दिन पहले ही मोतियाबिंद का आपरेशन करवाया है। वे इस मौसम में क्या करें? -अनिल, इंदौर
जवाब: चश्मा पहनकर रखें। आपरेशन हाल ही में हुआ है तो आंखों को गीला न होने दें। डाक्टर के दिशा-निर्देशों का पालन करें और दवाइयां नियमित रूप से लें। धूप में न निकलें।
Posted By: Sameer Deshpande
- Font Size
- Close
- # Hello Doctor indore
- # naidunia hello doctor
- # eye problem
- # eye problem in summer
- # dr ashutosh sharma eye specialist
- # indore news
- # indore samachar hindi
- # madhya pradesh news
- # हेलो डाक्टर इंदौर
- # नईदुनिया हेलो डाक्टर
- # आंखों की समस्या
- # गर्मी में आंखों की समस्या
- # डाक्टर आशुतोष शर्मा नेत्र विशेषज्ञ
- # इंदौर न्यूज
- # इंदौर समाचार हिंदी
- # मध्य प्रेदश न्यूज