इंदौर(नईदुनिया प्रतिनिधि), Indore Coronavirus Update। इंदौर में लगातार तीसरे दिन संक्रमित मरीजों का आंकड़ा पांच सौ के पार रहा। सोमवार को कोरोना संदिग्ध 5,611 मरीजों के सैंपल जांचे गए जिनमें से 565 पॉजिटिव आए। सोमवार देर रात जारी बुलेटिन के मुताबिक अब तक 4 लाख 78 हजार 303 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 38,812 पॉजिटिव पाए गए। सोमवार को 96 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए। अब तक स्वस्थ होकर घर जाने वालों की संख्या 34 हजार 725 हो चुकी है। फिलहाल 3349 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है। सोमवार को संक्रमण से तीन लोगों की मौत हुई। शहर में लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
सड़कों पर निकले पुलिस के वाहन, मची अफरा-तफरी
इंदौर जिले के शहरी क्षेत्र में रात का कर्फ्यू रात आठ से सुबह छह बजे तक रहेगा। इस दौरान बाजार, दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। मालवाहक वाहन और बसें रात में भी चल सकेंगी। इंदौर कलेक्टर मनीषसिंह ने यह नया आदेश जारी किया है। इसके पहले धारा-144 के तहत रात का कर्फ्यू रात 10 से सुबह छह बजे तक निर्धारित किया था।
इंदौर शहर में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए रात को लगने वाले कर्फ्यू को लेकर अब पुलिस ने माहौल बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार रात साढ़े सात बजे से पाटनीपुरा, मालवा मिल, एमजी रोड पर पुलिस वाहन सायरन बजाते हुए निकले। पुलिस जवान रात आठ बजे से कर्फ्यू लगने की चेतावनी भी लोगों को दे रहे थे। इसका असर यह रहा कि कई व्यापारी सामान समेटते नजर आए। सड़कों पर भी अफरा-तफरी का माहौल नजर आया।
Posted By: Prashant Pandey
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे