Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में एक शादीशुदा युवक जिसे कुंवारी समझ कर चैटिंग कर रहा था वह उसकी पत्नी निकली। दोनों विवाद के कारण तीन साल से अलग रह रहे थे। कोर्ट में केस भी चल रहा है। पत्नी को उस पर दूसरी महिलाओं से संबंध का शक हो गया था। कोर्ट को सच्चाई बताने के लिए उसने काल्पनिक नाम से आइडी बनाई थी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश हिंगणकर ने जांच के आदेश दिए हैं।
छोटा बांगड़दा निवासी युवती की वर्ष 2007 में शशिकांत से शादी हुई थी। शशिकांत इंडियन आइल (नागपुर) में पदस्थ है। दोनों का 12 साल का बेटा भी है। तीन साल पहले उनमें मनमुटाव हुआ और दोनों अलग हो गए। पीड़िता ने शशिकांत पर भरण पोषण का केस दायर कर दिया। कुछ दिनों पूर्व कोर्ट पेशी के दौरान शशिकांत मिला तो पता चला कि उसका चरित्र ठीक नहीं है। तलाक नहीं हुआ, लेकिन उसने अन्य महिलाओं से दोस्ती कर ली। पीड़िता ने कोर्ट को सच्चाई बताने के लिए काल्पनिक नाम से फेसबुक आइडी बनाई। शशिकांत ने फेसबुक पर दोस्ती की और चैटिंग करना शुरू कर दी। उसने युवती को संबंध बनाने का प्रस्ताव दिया। उसे अश्लील वीडियो और फोटो भी भेजना शुरू कर दिए। पीड़िता ने उसके खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए और पुलिस जनसुनवाई में शिकायत कर दी। अब मामले में पुलिस जांच कर रही है।
दुष्कर्म का आरोपित कालेज छात्र गिरफ्तार
इंदौर। भंवरकुआं थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में कालेज छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने नाबालिग से शादी का बोला और शारीरिक संबंध बना लिए। जोन-4 के एडिशनल डीसीपी प्रशांत चौबे के मुताबिक, सेमदा देपालपुर निवासी आरोपित रोहित की पीड़िता से एक युवती के माध्यम से दोस्ती हुई थी। वह तीन इमली बस स्टैंड स्थित मकान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित पर पाक्सो एक्ट और मारपीट की धाराओं में भी केस दर्ज किया है।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close