Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में दो बदमाशों ने सरेराह वृद्धा को ठग लिया। दिनदहाड़े नशीला पदार्थ पिलाकर वृद्धा के सारे आभूषण ले उड़े। वृद्धा को होश आया तो आभूषण गायब देख बदहवास हो गई। एमजी रोड़ पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन दिन पूर्व भी एक अन्य महिला के साथ 56 दुकान पर ऐसी घटना हुई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों को ढूंढ रही है।
एमजी रोड थाना पुलिस के मुताबिक, घटना पेनजान कालोनी (बाणगंगा) निवासी 60 वर्षीय शारदा पति रमेशचंद्र शर्मा के साथ हुई है। शारदा ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी को वह परिचित महिला के साथ राजवाड़ा जा रही थी। जेल रोड पर दो युवक मिले और बात करने लगे। एक युवक ने कहा कि उसने दो दिन से खाना नहीं खाया है।आरोपितों ने महिला से भावनात्मक बातें की। महिला ने सहानुभूतिपूर्वक बात कर ली। इसके बाद आरोपितों ने नोटों की गड्डियां बताई और कहा कि उसके पास दो लाख रुपये है। जो गड्डी बताई उसके ऊपर दो हजार के नोट जमा थे। आरोपित ने कहा कि रुपये आप रख लो और आपके जेवर मुझे दे दो।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों को तलाश रही पुलिस
महिला के मुताबिक, उसने जेवर देने से मना किया, लेकिन इसके बाद आरोपितों ने पानी पिलाया जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पानी पीने के बाद क्या हुआ, इसका उसे होश नहीं रहा। आरोपित बेहोशी की अवस्था में महिला का मंगलसूत्र, अंगूठी और चेन निकाल कर फरार हो गए। टीआइ संतोषसिंह यादव के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार रात अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
56 दुकान पर भी हुई महिला से वारदात
इंदौर में महिला के साथ ठगी की यह दूसरी वारदात है। तीन दिन पूर्व भी 56 दुकान पर इसी तरह की घटना हुई थी। दो बदमाश सफाईकर्मी महिला को झांसे में लेकर आभूषण लेकर भाग गए थे। इस दौरान भी उन्होंने महिला को नोटों की गड्डी दी और जेवर ले गए थे। बाद में गड्डी में नोट की जगह कागज निकले थे।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close