Indore Gaurav Divas : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर गौरव दिवस के तहत रविवार सुबह इंदौर में इंदौर गौरव दौड़ मैराथन का आयोजन हुआ। सुबह 6 बजे नेहरू स्टेडियम से पलासिया के बीच पांच किलोमीटर और नेहरू स्टेडियम से राजवाड़ा के बीच 10 किलोमीटर की दो अलग-अलग वर्ग में गौरव दौड़ आयोजित की गई। इस दौड़ में इंदौर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कलेक्टर मनीष सिंह ने धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक राजेश सोनकर, अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, अपर आयुक्त वीरभद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में इंदौर के धावक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। इंदौर गौरव दौड़ मैराथन में पांच और 10 किलोमीटर, दो वर्गों में आयोजित की गई। पांच किलोमीटर की दौड़ में भाग लेने वाले धावक नेहरू स्टेडियम से पलासिया तक जाकर वापस आए। वहीं 10 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेने वाले धावक नेहरू स्टेडियम से राजवाड़ा तक जाकर वापस स्टेडियम लौटे। दौड़ में शामिल सभी धावकों को कलेक्टर मनीष सिंह एवं पूर्व विधायक राजेश सोनकर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शाम को होगा इंदौर की धरोहर (बुजुर्गों ) का सम्मान - गौरव उत्सव के तहत इंदौर के गांधी हाल में रविवार शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर आधारित अनूठा उत्सव होगा। इसके तहत शहर के बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा।
मुख्य समारोह में सम्मिलित होने के लिए 10 स्थानों से पास का वितरण शुरू
इंदौर गौरव दिवस के अंतर्गत 31 मई को शाम 5 बजे नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में ख्यात गायिका श्रेया घोषाल अपनी प्रस्तुति देंगी। तो जाने–माने गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर लोकमाता देवी अहिल्या के जीवन के विराट व्यक्तित्व की गाथा का वर्णन करेंगे। इस कार्यक्रम में इंदौर का नाम देश एवं विदेश में रोशन करने वाले प्रबुद्धजनों एवं अन्य का सम्मान भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रविवार सुबह 8 बजे से इंदौर के 10 प्रमुख स्थानों से प्रवेश पास का वितरण शुरू हुआ। खजराना गणेश मंदिर प्रवचन हाल, रणजीत हनुमान मंदिर परिसर, सिटी बस ऑफिस परिसर, बजाजखाना चौक के पास, छप्पन दुकान, कृष्णपुरा छत्री , सपना संगीता परिसर, भंवरकुआं चौराहा के पास, विजय नगर जोनल कार्यालय के पास और बड़ा गणपति मंदिर के नजदीक इन प्रवेश पास का वितरण किया जा रहा है, जो सुबह 11 बजे तक चलेगा। पास लेने वाले व्यक्ति को पहचान के रूप में आधार कार्ड की कापी के साथ अधिकतम दो पास ही दिए गए।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close