इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने शनिवार सुबह पालदा क्षेत्र के हिम्मतनगर में गुंडे बल्लू उर्फ बलराम माली के दो मंजिला अवैध मकान को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान गुंडे के परिवार की महिलाओं ने खूब हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें दूर हटा दिया और तोड़फोड़ शुरू करवाई।
कार्रवाई से पहले नगर निगम ने तोड़फोड़ से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस देने की औपचारिकता पूरी कर ली थी। फिर नगर निगम का रिमूवल हमला नगर निगम मुख्यालय में एकत्रित हुआ और वहां से पालदा के लिए रवाना हुआ। सुबह आठ बजे के आसपास नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह और सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे के नेतृत्व में तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई। बताया जाता है कि बल्लू के खिलाफ विभिन्न् आपराधिक मामलों में दर्जन भर से ज्यादा अपराध दर्ज हैं।
पालदा क्षेत्र में इंदौर नगर निगम ने तोड़ा गुंडे का दो मंजिला अवैध मकान#Indore #MadhyaPradesh pic.twitter.com/lRed88soDS
— NaiDunia (@Nai_Dunia) November 28, 2020
हिम्मत नगर में उसने लगभग 2000 वर्ग फीट जमीन पर दो मंजिला मकान बना दिया था, जिसका न तो नक्शा पास था न किसी तरह की अनुमति थी। मकान में बल्लू के परिवार के अलावा चार से पांच किराएदार भी थे, जिनसे हाथों-हाथ मकान खाली कराया गया। नगर निगम के कर्मियों ने मकान खाली करने में लोगों की मदद की और फिर पोकलेन मशीन की मदद से दो मंजिला मकान को ढहाया गया। डेढ़ घंटे तक चली कार्रवाई में बीच-बीच में कई बार परिवार के लोगों और निगम अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी। हालांकि, महिला पुलिसकर्मियों का अमला होने से स्थिति पर नियंत्रण रख लिया गया। गुंडे ने निचले तल पर दुकानें बनाई थीं, जबकि ऊपरी हिस्सों में उसका परिवार और अन्य किरायेदार रहते थे।
Posted By: gajendra.nagar
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे