Indore Weather Update: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। हवा का रुख बदलने से मौसम में अचानक बदलाव आया और इंदौर के लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। मंगलवार सुबह ठिठुरन का अहसास नहीं हुआ, लेकिन अलसुबह कोहरा जरूर देखा गया। आठ किमी प्रतिघंटे से उत्तर-पूर्वी दिशा से हवा चली।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में दिन का तापमान सिर्फ 1.9 डिग्री बढ़ा। अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। मंगलवार अलसुबह आसमान पर कोहरे की चादर भी छाई रही। सुबह छह बजे दृश्यता 1500 मीटर रही। जैसे ही धूप निकली, आसमान साफ हो गया। इससे धुंध भी छंट गई। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार शाम चार बजे तापमान नीचे आएगा। रात में गुलाबी ठंड महसूस होगी। रात में तापमान में 12-13 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। अगले दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
अभी कड़ाके की ठंड नहीं
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अभी कड़ाके की ठंड के कोई आसार नहीं है। इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है। इससे राजस्थान के मध्य क्षेत्र में भी एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम हवा के साथ हल्की नमी आ रही है। इस कारण प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते अभी कुछ दिन कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close