Indore Weather Update: इंदौर (नईदुनिया न्यूज)। पिछले तीन दिनों से इंदौर में दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही और ठंड से काफी हद तक राहत है। शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रविवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 12 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को दिन में पूर्वी, दक्षिणी पूर्वी और पश्चिमी हवा औसतन 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। शनिवार सुबह धुंध का असर रहा और सुबह न्यूनतम दृश्यता 1500 मीटर तक दर्ज की गई। वहीं, रविवार सुबह धुंध का असर कम रहा और न्यूनतम दृश्यता 3000 मीटर तक रही।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, राजस्थान पर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इसके कारण हिमालय की ओर से ठंडी उत्तरी व उत्तरी पूर्वी हवा नहीं आ पा रही है। इस चक्रवात के असर से हवा का रुख बदला हुआ है। इस वजह से अभी इंदौर में दिन व रात के तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। इसके अलावा अफगानिस्तान पर बना एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ भी जल्द इंदौर की ओर आएगा। इस वजह से तापमान में 27 जनवरी तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने व प्रेरित हवा के चक्रवात का असर खत्म होने के बाद तापमान में जनवरी माह के अंत में गिरावट देखने को मिलेगी।
जबलपुर और रीवा में वर्षा के आसार
अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय चार मौसम प्रणालियों के असर से हवा का रुख बदल गया है। हवा के साथ नमी आने के कारण प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छाने लगे हैं। साथ ही हल्की वर्षा भी हो रही है। बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। इससे सर्दी से राहत मिल गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, रविवार को सागर, जबलपुर,रीवा, ग्वालियर,चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। अभी तीन-चार दिनों तक रात के तापमान में गिरावट होने के आसार नहीं हैं।
26 से कई जिलों में हो सकती है वर्षा
मौसम केंद्र भोपाल के वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच में ट्रफ के रूप में बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू-काश्मीर पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके असर से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना है। उधर, ओडिशा पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के असर से हवा के साथ नमी आने से प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा संभाग के जिलों में बादल छाने लगे हैं। साथ ही हल्की वर्षा भी हो रही है। 26 जनवरी से प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा होने की संभावना है।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close