Indore Weather Update: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में शनिवार सुबह बादल छंटे और दक्षिण पूर्वी हवा 12 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। इस वजह से लोगों को सुबह हल्की ठंडक का एहसास हुआ। सुबह हल्की धुंध का असर रहा और न्यूनतम दृश्यता 3000 मीटर तक दर्ज की गई। आज इंदौर में दिन में बादल छाए रहेंगे और शाम को तेज हवा चलने की संभावना है। शुक्रवार को शहर में बादल छाने और तेज हवा चलने के कारण दिन के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट देखी गई। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.2 डिग्री दर्ज किया गया।
सामान्य से पांच डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान
बादलों के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 30.4 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब है कि शुक्रवार को दिन में बादल छाए रहे और शाम 6 बजे बाद एकाएक मौसम बदला और शहर में तेज हवा और आंधी चली। हवा अधिकतम से 37 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। शुक्रवार को दिन में हवाओं का रुख दक्षिणी पूर्वी रहा।
इस कारण बदल रहा मौसम
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है। इसके अलावा पूर्व से पश्चिम की ओर राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए एक द्रोणिका भी गुजर रही है । इस वजह से इंदौर सहित प्रदेश भर में बादल, बारिश और तेज हवा की स्थिति दिखाई दे रही है। इंदौर में शनिवार को बादल छाए रहेंगे और शाम के समय तेज हवा चलने और बूंदाबांदी होने की संभावना है।
Posted By: Hemraj Yadav