Indore Weather Update: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में इस रविवार को मौसम मेहरबान रहेगा और शहर में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार है। गौरतलब है कि पिछले शनिवार को शहर में हुई 28.6 मिलीमीटर वर्षा ने इंदौर में पिछले 10 साल में 24 घंटै में सर्वाधिक वर्षा का नया कीर्तिमान बनाया था और गर्मी में वर्षा का नजारा देखने को मिला था।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान में बना चक्रवाती हवा का घेरा शनिवार को राजस्थान की ओर आएगा। इसके असर से शनिवार को शहर में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी होगी। वहीं, रविवार को शहर में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। राजस्थान और उत्तर भारत में हुई वर्षा के असर से इंदौर सहित प्रदेशभर में पारा शुक्रवार को गिरा था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की गिरावट देखने को मिली थी। वहीं, शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर आया और पारा 25.4 डिग्री पहुंचा। सुबह हवा 11 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 37 डिग्री दर्ज किया गया।

इसलिए अभी गर्मी के तेवर ढीले

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिणी हरियाणा से सिक्किम तक एक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं, एक अन्य द्रोणिका दक्षिणी पूर्वी मप्र से विदर्भ होते हुए तटीय कर्नाटक तक जा रही है। इसके असर से भी अभी इंदौर में दिन व रात के तापमान के गिरावट होने के साथ गर्मी के तेवर ढीले दिखाई दे रहे है। इंदौर में आज मौसम साफ रहेगा।

Posted By: Hemraj Yadav

Mp
Mp