Indore Weather Update: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। पश्चिमी विक्षोभ बनने से मौसम अचानक बदल गया। इंदौर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शहर के उत्तरी हिस्से में हल्की बरसात हुई। खासकर बायपास में दोपहर तीन बजे थोड़ी देर तक पानी गिरा, जबकि पश्चिम क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट देखने को मिली। पारा दो डिग्री लुढ़क गया।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ बनने और और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में चक्रवाती हवा चलने से मौसम का मिजाज बदला है। गरज, बिजली और तेज हवा की वजह से कुछ हिस्सों में हल्की बरसात होगी। शुक्रवार को इंदौर और आसपास के हिस्सों में यह स्थिति बनी है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में दबाव बना हुआ है। इस वजह से हवा की रफ्तार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को दिनभर पश्चिम दिशा से 10 किमी की रफ्तार से हवा रही। शहर में सुबह से बादल छाए हुए रहे। दोपहर को शहरी क्षेत्र में बूंदाबंदी हुई। वहीं, बायपास क्षेत्र में थोड़ी देर तक पानी गिरता रहा। इससे मौसम ठंडा हो गया और तापमान भी नीचे आया।

तीन-चार दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

रात आठ बजे शहर में तेज हवा चली। अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। वैसे 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट देखी गई। गुरुवार का तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वैसे न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दृश्यता 3000 मीटर तक दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन से चार दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

Posted By: Hemraj Yadav

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close