Indore News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। वरिष्ठ पत्रकार व नईदुनिया के पूर्व संपादक पद्मश्री अभय छजलानी का गुरुवार को निधन हो गया। 89 वर्षीय छजलानी लंबे समय से अस्वस्थ थे। रीजनल पार्क मुक्तिधाम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने भी ट्वीट कर कहा कि हिंदी पत्रकारिता के आधार स्तंभ अभय जी हमारे दिलों में रहेंगे।
चार अगस्त, 1934 को जन्मे अभय छजलानी ने 1955 में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया था। उन्होंने पत्रकारिता के विश्वविख्यात संस्थान थाम्सन फाउंडेशन कार्डिफ (यूके) से स्नातक की उपाधि ली थी। 1963 में उन्होंने नईदुनिया के संपादक का कार्यभार संभाला और लंबे समय तक यह दायित्व निभाया।
वे भारतीय भाषायी समाचार पत्र संगठन इलना के तीन बार अध्यक्ष रहे। साथ ही इंडियन न्यूज पेपर सोसाइटी (आइएनएस) के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष भी रहे। स्व. गणेश शंकर विद्यार्थी, राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार, श्रीकांत वर्मा राष्ट्रीय पत्रकारिता पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित अभय छजलानी लेखनी और वाणी दोनों ही माध्यम से अपनी बात बेबाक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए पहचाने जाते थे।
बतौर पत्रकार उन्होंने जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इंडोनेशिया, चीन, रूस, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सहित कई देशों की यात्रा की और वहां के हालात को आंखों देखी के माध्यम से पाठकों के लिए प्रस्तुत किया।
इंदौर के पेयजल संकट को दूर करने के लिए नर्मदा का पानी लाने के आंदोलन में उन्होंने पुरजोर तरीके से कार्य किया। इंदौर में अभय प्रशाल जैसा भव्य इनडोर स्टेडियम बनवाने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अभय छजलानी को मध्य प्रदेश सरकार ने खेलों के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया था। वे मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के अध्यक्ष भी रहे। फिर संगठन ने उन्हें वर्ष 2014 में आजीवन अध्यक्ष बना दिया था। वे भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के उपाध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा इंदौर कारपोरेशन एरिया बास्केटबाल ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य थे। इंदौर कारपोरेशन बास्केटबाल एसोसिएशन के भी अध्यक्ष रहे। मध्य प्रदेश बास्केटबाल संघ के संरक्षक रहे।
वरिष्ठ पत्रकार, पद्मश्री अभय छजलानी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। आपका अवसान पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।
।।ॐ शांति।।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 23, 2023
छजलानी परिवार को आज ही एक और आघात लगा। स्वर्गीय विमल छजलानी की पत्नी का भी आज सुबह भोपाल में निधन हो गया। उनका भी अंतिम संस्कार आज शाम इंदौर में ही किया गया।
पत्रकारिता जगत की विशिष्ट पहचान पद्मश्री अभय छजलानी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।मैं दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ।हिन्दी पत्रकारिता के आधारस्तंभ छजलानी जी हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।“भावपूर्ण नमन” pic.twitter.com/CYSbodUA8S— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) March 23, 2023
अभयजी ने कई शीर्ष पत्रकार तैयार करने में भी मदद की। साथ ही कई सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन किया।
Posted By: Sameer Deshpande
- # indore news
- # indore news hindi
- # madhya pradesh news
- # mp news
- # indore
- # indore latest news
- # Shri Abhay Chhajlani passed away