Ladli Bahna Yojna: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लाड़ली बहना योजना का लाभ देने के लिए इंदौर नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम सभी 85 वार्डों में शिविर आयोजित कर महिलाओं के समग्र पोर्टल पर ई-केवायसी अपडेट कर रहा है। केवायसी प्रक्रिया के तहत हितग्राही के मोबाइल पर ओटीपी आता है। इसे दर्ज करने के बाद ही केवायसी की प्रक्रिया पूरी होती है, लेकिन देखने में आ रहा है कि ओटीपी या तो काफी देरी से आता है या आता ही नहीं। इस वजह से केवायसी अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
यह मजमून है उसे पत्र का जो महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को लिखा है। पत्र में महापौर ने लिखा है कि महिला सशक्तिकरण के लिए लागू की जाने वाली लाड़ली बहना योजना को प्रदेश की महिलाओं का अच्छा खासा प्रतिसाद मिल रहा है। इस योजना को लेकर प्रदेश की महिलाओं में हर्ष और उत्साह है। नगर निगम द्वारा आयोजित केवायसी अपडेट शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं, लेकिन सर्वर के सही काम नहीं करने की वजह से महिलाएं परेशान हो रही हैं। केवायसी अपडेट नहीं होने की स्थिति में उन्हें लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।
नगर निगम ने सभी वार्डों में लगाए शिविर
महापौर ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि वे इस संबंध में संबंधित विभाग को निर्देश जारी करें, ताकि पात्र हितग्राही का ई-केवायसी सरलता और सुगमता से कम से कम समय में अपडेट हो सके। गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा महिलाओं की सुविधा के लिए जगह-जगह वार्डवार शिविर लगाए जा रहे हैं। जिन महिलाओं की केवायसी अपडेट नहीं होगी, उन्हें इस सुविधा का लाभ नहीं मिल सकेगा। पत्र में महापौर ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री को बधाई और धन्यवाद भी दिया है।
Posted By: Hemraj Yadav