Malwa Nimar Weather Update: इंदौर। मालवा- निमाड़ अंचल में शुक्रवार तड़के झाबुआ, रतलाम, मंदसौर सहित कई स्थानों पर कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा हुई। वहीं आलीराजपुर सहित कुछ स्थानों पर दोपहर में भी वर्षा हुई। कहीं-कहीं ओले भी गिरे। इससे खेतों में खड़ी फसलें जहां आड़ी पड़ गईं, वहीं काटकर रखी फसलें गीली होकर बहने लगीं।
मंडियों और अन्य स्थानों पर खुले में रखी उपज भी भीग गई। उपज बचाने के लिए किसान, व्यापारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया गया है।
रतलाम जिले में शुक्रवार तड़के गरज–चमक के साथ खंड स्तरीय तेज वर्षा हुई। वर्षा के दौरान कई इलाकों में फाल्ट से बिजली भी गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। झाबुआ जिले में गुरुवार की रात व शुक्रवार की सुबह रिमझिम वर्षा का दौर चला।
किसानों का कहना है कि वर्षा के कारण गेहूं का रंग बदल जाएगा, जिससे उन्हें भाव कम मिलेंगे। उज्जैन जिले में शुक्रवार तड़के से गरज–चमक के साथ रुक रुककर वर्षा हुई। इन दिनों मंडी में भी गेहूं की बंपर आवक हो रही है पानी के कारण अधिकांश किसानों और व्यापारियों द्वारा खरीदी गई उपज भीग गई। वर्षा के दौरान कई इलाकों में फाल्ट से बिजली भी गुल रही। बड़वानी जिले में आंधी के साथ वर्षा हुई। कुछ स्थानों पर 10 से 15 मिनट तेज वर्षा हुई।
आलीराजपुर जिले में शुक्रवार दोपहर आसमान पर छाए बादल बरस पड़े। जिले के विभिन्न हिस्सों में करीब एक घंटे से अधिक समय तक कभी तेज तो कभी हल्की वर्षा हुई। इस दौरान कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे हैं। सोंडवा विकासखंड के छकतला क्षेत्र के खेतों में अधिक नुकसान बताया गया है।
देवास में दिनभर बादल छाए रहे बीती रात बूंदाबांदी होने के कारण अगले दिन दोपहर में मौसम में ठंडक घुली रही मौसम में बदलाव के बाद तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। नीमच में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई वहीं मंदसौर जिले में कहीं-कहीं तेज वर्षा के समाचार हैं।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay