MP News: इंदौर पुलिस का मूक बधिर हेल्पलाइन नवाचार मॉरीशस में भी प्रारंभ होगा, इसकी तैयारी चल रही है। पिछले दिनों इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस में विदेशी प्रतिनिधियों ने इस हेल्पलाइन सेंटर का भ्रमण भी किया, जिसे सराहा गया और मारीशस में इसे प्रारंभ करने की बात भी कही गई। बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष कलेक्टर-कमिश्नर, एसपी-आइजी कांफ्रेंस में इंदौर पुलिस के मूक बधिर हेल्प लाइन नवाचार का डीसीपी रजत सकलेचा ने प्रजेंटेशन दिया और उक्त जानकारी भी दी। नवाचार में अबतक 117 शिकायतें मिली हैं। इनका निराकरण भी किया गया है।
देश में अपनी तरह की प्रथम मूक बधिर हेल्प लाइन में 75876-32133 नंबर पर संपर्क कर मूक बधिर व्यक्तियों को पुलिस द्वारा आवश्यक सहायता दी जा रही है। इस नंबर पर वीडियो कॉल या टेक्स्ट मैसेज कर परेशानी बताई जा सकती है। प्रशिक्षित टीम समस्या का समाधान करती है। मूक बधिर बच्चों को साइन लैंग्वेज की मदद से इस हेल्प लाइन की खूबियां बताई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर पुलिस का यह प्रयास सराहनीय है। भोपाल और भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में पुलिस के नवाचारों की भी मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की।
भोपाल पुलिस की नई परेड से पुलिस कर्मियों का मानसिक स्वास्थ्य हुआ बेहतर
भोपाल पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए नई परेड नाम से किए गए नवाचार के प्रजेंटेशन में बताया गया कि निरंतर डयूटी के कारण पुलिसकर्मी स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाते। इसके कारण वे चिड़चिड़े हो जाते हैं। प्रति सप्ताह 80 पुलिसकर्मी जिसमें आरक्षक से लेकर एसपी तक शामिल हैं, उन्हें तीन दिन का शारीरिक, बौद्धिक और स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक 17 शिविर हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की नई परेड पुलिस विभाग ही नहीं, अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी आवश्यक है। शासकीय सेवक को क्रोध, अवसाद आदि भावनाओं से दूर रहकर शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना चाहिए। नई परेड ठीक है तो सभी परेड ठीक होंगी।
उज्जैन पुलिस के भीड़ प्रबंधन-जन सहयोग नवाचार को मुख्यमंत्री ने सराहा
श्री महाकाल मंदिर भीड़ प्रबंधन-जन सहयोग नवाचार का उज्जैन पुलिस द्वारा कांफ्रेंस में प्रजेंटेशन दिया गया। इसमें बताया गया कि उज्जैन में कुछ अवसरों पर काफी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होता है। महत्वपूर्ण त्योहार और आयोजन पर अत्यधिक भीड़ होने के बावजूद इन त्योहारों को पुलिस प्रशासन ने शांति और उत्साह के साथ मनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जन सहयोग से और प्रशिक्षित पुलिस बल के माध्यम से भीड़ प्रबंधन किया गया। जो वालंटियर्स तैयार किए गए उन्होंने बेहतर तरीके से व्यवस्था संभाली। महाकाल सवारी व्यवस्था में रस्सा पार्टी व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल व्यवस्था, घाट व्यवस्था, प्रेशर प्वाइंट व्यवस्था और हाई राइज बिल्डिंग व्यवस्था के कार्य हुए। संपूर्ण सवारी मार्ग सात सेक्टर में विभाजित किया गया। प्रजेंटेशन में की गई व्यवस्थाओं के वीडियो भी दिखाए गए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में की गई व्यवस्था सराहनीय है। नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
Posted By: Kushagra Valuskar